मंगलवार, 18 अक्टूबर 2011

सूर्यदेव


सूर्य विज्ञान समम्मत देवता है । सूर्यदेव ही लोकजीवन के साक्षी और सांसारिक प्राणियों की ऑंखों को प्रकाश देने वाले हैं । इसलिए, उनको लोकसाक्षी और जगच्चक्षु कहा गया है । निरूक्त के अनुसार वह आकाश में परिभ्रमण करने के कारण ही सूर्य की संज्ञा प्राप्त करते हैं । वही लोक को कर्म की ओर प्रेरित करते हैं तथा लोकरक्षक होने से ही रवि के नाम से उद्धोषित होते हैं ।
प्राचीन वैदिक ऋषि मुनि से आधुनिक वैज्ञानिक तक सूर्य के भौतिक एवं आध्यात्मिक गुणों से सम्यक्तया परिचित रहे हैं । इसलिए सूर्य से भावघनिष्ठ संपर्क स्थापित करने के निमित्ति उन्होंने सूर्योपासना को विश्वधर्म और संस्कृति का अनिवार्य अंग बना दिया । फलत: सूर्य सम्पूर्ण विश्व के लिए अधिष्ठातृदेव के रूप में अंगीकृत हो गये । रोग के जीवाणुओं के शमन के लिए तो सूर्यकिरणों की उपयोगिता चिकित्साशास्त्र सम्मत है । आरोग्य कामना, निर्धनता निवारण, सन्तति प्राप्ति आदि की दृष्टि से तो सूर्य की पूजा और उनके स्तोत्रों के पाठ का व्यापक प्रचलन है ।
कर्मकाण्ड और तन्त्राचार या आगमिक पध्दति में सूर्य को प्रथमपूज्य देव की प्रतिष्ठा प्राप्त है । सूर्य की अर्ध्य निवेदित करने के बाद ही दैवकार्य या पितृकार्य का विधान सर्वमान्य है । योगासनों में भी सूर्य नमस्कार का अतिशय महत्व है । इस प्रकार, सूर्य निस्सन्देह जागतिक जीवों के प्राणपोषक, सर्वसम्प्रदाय सम्मत, लोकतान्त्रिक अजातशत्रु देता है । शास्त्र पुराणों में ऐसा निर्देश है कि जो व्यक्ति प्रतिदिन सूर्य को नमस्कार करता है , वह हजार जन्मों में भी दरिद्र नहीं होता ।

शनिवार, 30 जुलाई 2011

गुरू पूर्णिमा


शिष्यों को विद्यादान करते गुरू व्यासआषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरू पूर्णिमा कहते हैं। इस दिन गुरु पूजा का विधान है। गुरू पूर्णिमा वर्षा ऋतु के आरंभ में आती है। इस दिन से चार महीने तक परिव्राजक साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर ज्ञान की गंगा बहाते हैं। ये चार महीने मौसम की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ होते हैं। न अधिक गर्मी और न अधिक सर्दी। इसलिए अध्ययन के लिए उपयुक्त माने गए हैं। जैसे सूर्य के ताप से तप्त भूमि को वर्षा से शीतलता एवं फसल पैदा करने की शक्ति मिलती है, ऐसे ही गुरुचरण में उपस्थित साधकों को ज्ञान, शांति, भक्ति और योग शक्ति प्राप्त करने की शक्ति मिलती है।
यह दिन महाभारत के रचयिता कृष्ण द्वैपायन व्यास का जन्मदिन भी है। वे संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे और उन्होंने चारों वेदों की भी रचना की थी। इस कारण उनका एक नाम वेद व्यास भी है। उन्हें आदिगुरु कहा जाता है और उनके सम्मान में गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा नाम से भी जाना जाता है। भक्तिकाल के संत घीसादास का भी जन्म इसी दिन हुआ था वे कबीरदास के शिष्य थे।
शास्त्रों में गु का अर्थ बताया गया है- अंधकार या मूल अज्ञान और रु का का अर्थ किया गया है- उसका निरोधक। गुरु को गुरु इसलिए कहा जाता है कि वह अज्ञान तिमिर का ज्ञानांजन-शलाका से निवारण कर देता है। अर्थात अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को 'गुरु' कहा जाता है। गुरु तथा देवता में समानता के लिए एक श्लोक में कहा गया है कि जैसी भक्ति की आवश्यकता देवता के लिए है वैसी ही गुरु के लिए भी।

बरखा बहार

छह ऋतुओं का देश है भारत। प्रत्येक ऋतु का अपना अलग ही सौंदर्य है, उसकी अपनी प्राकृतिक पहचान है जिससे प्रभावित होकर कवियों ने अनेक छंद रचे तो चित्रकारों एवं संगीतकारों की भी सदैव प्रेरणा स्त्रोत रही है। छह ऋतुओं के अंतर्गत जो ऋतुएं प्रकृति में स्पष्ट परिवर्तन लातीं है तथा जिनके आगमन से जनमानस आनंदातिरेक के कारण फाग तथा कजरी–जैसे गीत प्रकारों को शब्द–बद्ध एवं स्वरबद्ध करता है, वह हैं – वसंत तथा वर्षा ऋतु।

माघ तथा पौष की कड़कती ठंड के बाद फाल्गुन मास के साथ छायी मौसम की हलकी वासंती गुनगुनाहट हृदय को आनंदित कर देती है। कोयल की मधुर कूक, पुष्पों पर झूमते भ्रमर, लाल–पीले टेसू तथा सरसों के फूल – और तभी रचना होती है अलमस्त फागों की तथा कलाकार हृदय इस वासंती वातावरण को चित्रांकित करता है 'राग वसंत' तथा 'रागिनी वासंती' अथवा 'वासंतिकी' के रूप में।

धीरे–धीरे यही मनमोहक ऋतु अपने वासंती रूप को त्यागकर जब ग्रीष्म की ओर बढ़ने लगती है तब सर्वत्र शुष्कता छा जाती है। नदी इत्यादि सभी जल–स्त्रोत जल–विहीन होने लगते है, प्यासा जन–जीवन, सूखे वृक्ष में भी छाया तलाशते पशु–पक्षी, जल के अभाव एवं ग्रीष्म के ऊष्णतायुक्त वातावरण के कारण कुम्हालाये पेड़–पौधेॐ प्यास से तृषित चातक पक्षी आकाश की ओर उन्मुख होकर जैसे आकाश से जल की याचना करता है। ग्रीष्म की जलविहीन शुष्क ऋतु में भी कलाकार की रचनाधर्मिता जागृत रहती है। संगीतकार इस उष्ण वातावरण को राग दीपक के स्वरों में प्रदर्शित करता है तो चित्रकार रंग तथा तूलिका के माध्यम से राग दीपक को चित्र में साकार करता है।

परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है। ग्रीष्म की तपन के पश्चात आकाश में छाने लगते हैं – श्वेत–श्याम बादलों के समूह तथा संदेश देते हैं, जन–जन में प्राणों का संचार करने वाली बर्षा ऋतु के आगमन का। आकाश में छायी श्यामल घटाओं तथा ठंडी–ठंडी बयार के साथ झूमती आती है जन–जन को रससिक्त करती, जीवन दायिनी वर्षा की प्रथम फुहार। वर्षा की सहभागिनी ग्रीष्म की उष्णता आकाश से जल बिंदुओं के रूप में पुनः धरती पर अवतरित होती है किंतु अपने नवीन मनमोहक रूप में। उष्ण वातावरण के कारण घिर आये मेघ तत्पश्चात जीवनदान करती वर्षा का प्रसंग एक किवदंती में प्राप्त होता है जिसके अनुसार बादशाह अकबर ने दरबार में गायक तानसेन से ग्रीष्म ऋतु का 'राग दीपक' सुनने का अनुरोध किया। तानसेन के स्वरों के साथ वातावरण में ऊष्णता व्याप्त होती गयी। सभी दरबारीगण तथा स्वयं तानसेन भी बढ़ती गरमी को सहन नहीं कर पा रहे थे। लगता था, जैसे सूर्य देव स्वयं धरती पर अवतरित होते जा रहे हैं। तभी कहीं दूर से राग मेघ के स्वरों के साथ मेघ को आमंत्रित किया जाने लगा। जल वर्षा के कारण ही गायक तानसेन की जीवन रक्षा हुई।

ऋतु परिवर्तन के साथ प्रकृति सदैव एक नया ही रूप धारण करती है। चारों ओर छायी हरियाली, सूखे वृक्षों पर नवीन पल्लव–ऐसा प्रतीत होता है जैसे धरा ने अपने जीर्ण–शीर्ण वस्त्रों का परित्याग कर नवीन हरित परिधान धारण किया हो। आकाश में मेघों की गड़गड़ाहट के साथ श्यामल घनघोर घटाओं में स्वर्णिम चपला दामिनी की थिरकन, मृदंग वादन की संगति में नृत्य का आभास देती है। मेघ गर्जना से उन्मादित मयूर अपने सतरंगी इंद्रधनुषीय पंखों को फैला कर नृत्य विभोर हो रहा है। श्यामवर्णी मेघ के मध्य उड़ती हुई . . . . बकुल पंक्तियां अत्यंत मनोहारी प्रतीत होती है। वर्षा में सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हैं, लगता है ग्रीष्म ऋतु में कठिन परिश्रम के कारण सूर्यदेव श्यामल मेघों की ओट में विश्राम कर रहे हैं।

मंगलवार, 14 जून 2011

तपन

तप एक अभ्यास  है। इससे शरीर पर नियंत्रण रखा जा सकता है। प्राण ही तो शरीर को क्रियाशील बनाते हैं। भूख-प्यास जैसी बाधाएं आपके ध्यान में न आएं, इस कार्य को तप के द्वारा साधा जाता है। जीवन स्वयं में एक तप ही है। संघर्ष भूमि है। हमें यदि सर्जन करना है, तो तपना ही होगा। किन्तु यह बाह्यान्तर तप है। इसमें यजु प्राण को गतिमान करके भाग्योदय किया जा सकता है। जबकि आभ्यान्तर तप शरीर की वैश्वानर को अन्तरिक्ष और द्यु-लोक की अग्नि से जोड़ता है।
जीवन की चाबी ईश्वर ने अपने हाथ में रख ली। कर्म करने की इच्छा आप स्वयं पैदा नहीं कर सकते। यह ईश्वर के हाथ में ही रहेगी। सब कुछ करते हुए भी कर्ता वही है। मैं निमित्त मात्र ही हूं।चूंकि जीवन का लक्ष्य पुरूषार्थ पर आधारित मोक्ष है, अत: कर्म को मर्यादा में रखना और उसकी दिशा निर्धारित करना भी आवश्यक है। इसके बिना मनुष्य अविद्या के प्रवाह में आसानी से बहता चला जाता है। यज्ञ,तप और दान के माध्यम से जीवन की गति विद्या की ओर बनी रहती है। विज्ञान या प्रज्ञा की ओर बढ़ता है। सूक्ष्म धरातल से जुड़ जाता है। स्थूल और सूक्ष्म का संतुलन बना रहता है।
तपन जेठ की सहसा नभ में बदरा कारे घिर आए |
रिमझिम रिमझिम बरस बरस के गीत राग मल्हार सुनाये ||
तन मन शीतल कर डाला है मौसम ने लेकर अंगडाई |
देकर दस्तक ठंडी बूंदों ने जेठ मास में तपन बुझाई ||
गति वृद्धि वर्षा रिमझिम से अरे झमाझम बरस रही |

मंगलवार, 10 मई 2011

संस्कार से निर्मित होती संस्कृति

।ॐ। 'संस्कार' शब्द का अधिक उपयुक्त पर्याय अंग्रेजी का 'सेक्रामेंट' शब्द हो सकता है। संस्कार का सामान्य अर्थ है-किसी को संस्कृत करना या शुद्ध करके उपयुक्त बनाना। किसी साधारण या विकृत वस्तु को विशेष क्रियाओं द्वारा उत्तम बना देना ही उसका संस्कार है। इसी तरह किसी साधारण मनुष्य को विशेष प्रकार की धार्मिक क्रिया-प्रक्रियाओं द्वारा श्रेष्ठ बनाना ही सुसंस्कृत करना कहा जाता है।

संस्कृत भाषा का शब्द है संस्कार। मन, वचन, कर्म और शरीर को पवित्र करना ही संस्कार है। हमारी सारी प्रवृतियों और चित्तवृत्तियों का संप्रेरक हमारे मन में पलने वाला संस्कार होता है। संस्कार से ही हमारा सामाजिक और आध्यात्मिक जीवन पुष्ट होता है और हम सभ्य कहलाते हैं। व्यक्तित्व निर्माण में हिन्दू संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संस्कार विरुद्ध आचरण असभ्यता की निशानी है। 'संस्कार' मनुष्य को पाप और अज्ञान से दूर रखकर आचार-विचार और ज्ञान-विज्ञान से संयुक्त करते हैं।

मुख्यत: तीन भागों में विभाजित संस्कारों को क्रमबद्ध सोलह संस्कार में विभाजित किया जा सकता है। ये तीन प्रकार होते हैं'- (1) मलापनयन, (2) अतिशयाधान और (3) न्यूनांगपूरक।

(1) मलापनयन : उदाहरणार्थ किसी दर्पण आदि पर पड़ी हुए धूल, मल या गंदगी को पोंछना, हटाना या स्वच्छ करना 'मलापनयन' कहलाता है।
(2) अतिशयाधान : किसी रंग या पदार्थ द्वारा उसी दर्पण को विशेष रूप से प्रकाशमय बनाना या चमकाना ‘अतिशयाधान’ कहलाता है। दूसरे शब्दों में इसे भावना, प्रतियत्न या गुणाधान-संस्कार भी कहा जाता है।
(3) न्यूनांगपूरक : अनाज के भोज्य पदार्थ बन जाने पर दाल, शाक, घृत आदि वस्तुएँ अलग से लाकर मिलाई जाती हैं। उसके हीन अंगों की पूर्ति की जाती हैं, जिससे वह अनाज रुचिकर और पौष्टिक बन सके। इस तृतीय संस्कार को न्यूनांगपूरक संस्कार कहते हैं।

अतः गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्युपर्यंत जीव के मलों का शोधन, सफाई आदि कार्य विशिष्ट विधिक क्रियाओं व मंत्रों से करने को 'संस्कार' कहा जाता है। हिंदू धर्म में सोलह संस्कारों का बहुत महत्व है। वेद, स्मृति और पुराणों में अनेकों संस्कार बताए गए है किंतु धर्मज्ञों के अनुसार उनमें से मुख्‍य सोलह संस्कारों में ही सारे संस्कार सिमट जाते हैं अत: इन संस्कारों के नाम है-

(1)गर्भाधान संस्कार, (2)पुंसवन संस्कार, (3)सीमन्तोन्नयन संस्कार, (4)जातकर्म संस्कार, (5)नामकरण संस्कार, (6)निष्क्रमण संस्कार, (7)अन्नप्राशन संस्कार, (8)मुंडन संस्कार, (9)कर्णवेधन संस्कार, (10)विद्यारंभ संस्कार, (11)उपनयन संस्कार, (12)वेदारंभ संस्कार, (13)केशांत संस्कार, (14)सम्वर्तन संस्कार, (15)विवाह संस्कार और (16)अन्त्येष्टि संस्कार।

संस्कार का अभिप्राय उन धार्मिक कृत्यों हैं जो किसी व्यक्ति को अपने समुदाय का योग्य सदस्य बनाकर उसके शरीर, मन और मस्तिष्क को पवित्र करें। संस्कार ही मनुष्य को सभ्यता का हिस्सा बनाए रखते हैं। लेकिन वर्तमान में हिंदुजन उक्त सोलह संस्कार मनमाने तरीके से करके मत भिन्नता का परिचय देते हैं, जो कि वेद विरुद्ध है।

वेदों के अलावा गृहसूत्रों में संस्कारों का उल्लेख मिलता है। स्मृति और पुराणों में इसके बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है। वेदज्ञों अनुसार गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्युपर्यंत जीव के मलों का शोधन, सफाई आदि कार्य को विशिष्ट विधि व मंत्रों से करने को 'संस्कार' कहा जाता है। यह इसलिए आवश्यक है कि व्यक्ति जब शरीर त्याग करे तो सद्‍गति को प्राप्त हो।

कर्म के संस्कार : हिंदू दर्शन के अनुसार, मृत्यु के बाद मात्र यह भौतिक शरीर या देह ही नष्ट होती है, जबकि सूक्ष्म शरीर जन्म-जन्मांतरों तक आत्मा के साथ संयुक्त रहता है। यह सूक्ष्म शरीर ही जन्म-जन्मांतरों के शुभ-अशुभ संस्कारों का वाहक होता है। ये संस्कार मनुष्य के पूर्वजन्मों से ही नहीं आते, अपितु माता-पिता के संस्कार भी रज और वीर्य के माध्यम से उसमें (सूक्ष्म शरीर में) प्रविष्ट होते हैं, जिससे मनुष्य का व्यक्तित्व इन दोनों से ही प्रभावित होता है। बालक के गर्भधारण की परिस्थितियाँ भी इन पर प्रभाव डालती हैं।

ये 'संस्कार' ही प्रत्येक जन्म में संगृहीत (एकत्र) होते चले जाते हैं, जिससे कर्मों (अच्छे-बुरे दोनों) का एक विशाल भंडार बनता जाता है। इसे 'संचित कर्म' कहते हैं। इन संचित कर्मों का कुछ भाग एक जीवन में भोगने के लिए उपस्थित रहता है और यही जीवन प्रेरणा का कार्य करता है। अच्छे-बुरे संस्कार होने के कारण मनुष्य अपने जीवन में प्रेरणा का कार्य करता है।

अच्छे-बुरे संस्कार होने के कारण मनुष्य अपने जीवन में अच्छे-बुरे कर्म करता है। फिर इन कर्मों से अच्छे-बुरे नए संस्कार बनते रहते हैं तथा इन संस्कारों की एक अंतहीन श्रृंखला बनती चली जाती है, जिससे मनुष्य के व्यक्तित्व का निर्माण होता है।

उक्त संस्कारों के अलावा भी अनेकों संस्कार है जो हमारी दिनचर्या और जीवन के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से जुड़े हुए हैं, जिन्हें जानना प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य माना गया है और जिससे जीवन के रोग और शोक मिट जाते हैं तथा शांति और समृद्धि का रास्ता खुलता है। यह संस्कार ऐसे हैं जिसको निभाने से हम परम्परागत व्यक्ति नहीं कहलाते बल्कि यह हमारे जीवन को सुंदर बनाते हैं। ॐ।

रविवार, 27 मार्च 2011

आशय



मुद्रण ई-मेल
॥ वृत्तेन आर्यो भवति ॥प्राणभूतञ्च यत्तत्त्वं सारभूतं तथैव च ।
संस्कृतौ भारतस्यास्य तन्मे यच्छतु संस्कृतम् ॥
“संस्कृत भारत भूमि की प्राणभूत व सारभूत भाषा है; अर्थात् संस्कृत के बिना भारत की भव्य संस्कृति, नीतिमूल्यों, और जीवनमूल्यों को यथास्वरुप समजना संभव नहीं । 
भारत का इतिहास आदर्शों का इतिहास है; आदर्शों से जीना संभव है, यह केवल भारत हि विश्व को बता सकता है । सामंजस्य, प्रेम, त्याग, ईश्वरानुराग, विज्ञान, प्रज्ञान, कला, और धर्म के विशेष प्रयोग इस पुण्यभूमि पर हुए हैं । परंतु मानव इतिहास का यह सुवर्णपृष्ठ, विकसित विश्वमानव को अल्प परिचित ऐसे “संस्कृत” के राजमार्ग से होकर गुज़रता है ! सुभाषित, बोधशास्त्रों, नाट्य, भाष्य, पुराण, इतिहास, और स्मृतियों से होता हुआ ‘संस्कृत’ रुपी राजमार्ग निसर्ग, विद्या, कला, धर्म, ईश्वर, और कर्मयोग ऐसे विविध स्वरुप लेते हुए अंतिमतः श्रुति (वेद, वेदांग और उपांग) और ॐकार में विलीन हो जाता है; या यूँ कहो कि व्यापक हो जाता है । 
विश्व के अन्य भागों में सभ्यताओं का उदय हो रहा था, तब प्राचीन भारत में श्रेष्ठतम साहित्य का सर्जन हुआ दिखता है; भला, समाजपुरुष की सुदृढ रचना के बगैर क्या ऐसी साहित्य रचना संभव है ? क्या साहित्य सांप्रत जन-मानस का प्रतिबिंब नहीं ? प्राचीन मानव सभ्यताओं के अभ्यास से यह ज़रुर महसुस होता है कि मानव-विकास का हर उत्तर-कांड उसके पूर्व-कांड से श्रेष्ठ हो ऐसा ज़रुरी नहीं; अर्थात् वैदिक काल की कुछ एक बातें अर्वाचीन युग को सर्वथा मार्गदर्शक हो सकती है, और उसे सर्वांगी मानव उत्थान के अभियान में प्रेरक बन सकती है । 
यह दुर्भाग्य है कि इतिहास के भारतीय सुवर्णपृष्ठ को नत मस्तक हुए बगैर हि, विश्व नये युग का सर्जन करने चला है ! मध्यकालीन समय में सहस्र वर्षों की गुलामी और पराजित मनोवृत्ति ने, और सांप्रत समय में अर्थप्राधान्य ने संस्कृत की गरिमा को नष्ट:प्राय करने का प्रयत्न किया है । परंतु, भूतकाल में बहुधा रौंदी गयी ज्ञान-भाषा क्या पुनः एक बार परास्त होगी ?नहीं; क्यों कि ‘संस्कृत’ तो वह संस्कार है जो हर भारतीय के हृदय में अग्नि के तिन्के की भाँति जीवंत है । उसे थोडा अधिक अवकाश कर देना, यही इस वेब साइट का तात्पर्य है । “संस्कृत” के भव्य राजमार्ग तक ले जानेवाली छोटी ही सही, पर एक पगडण्डी बनाने का यह यत्किञ्चित प्रयत्न है । भावना यह है कि भारत, व भारतीय जीवनमूल्य गतिशील बने रहें; माँ भारती को संस्कृत व आर्यप्रणालि का विशुद्ध प्राणवायु मिलता रहे !  

सुभाषित


वज्रात् अपि कठोराणि मृदूनि कुसुमात् अपि .
लोकोत्तराणां चेतांसि कः नु विज्ञातुम् अर्हति
Harder than the vajra (and) softer than the flower Who indeed deserves to (or is able to ) understand the hearts of great people ?
अपि स्वर्णमयी लंका न मे लक्ष्मण रोचते .
जननी जन्मभूमिः च स्वर्गात् अपि गरीयसी
 Even though Lanka is a golden land, O Lakshmana,
it does not appeal to me. One's mother and motherland are
grander than heaven itself.
परोपकाराय फलन्ति वृक्षाः परोपकाराय वहन्ति नद्यः .
परोपकाराय दुहन्ति गावः परोपकाराय शरीरम् एतत् ..
Trees bear fruit to do good to others, Rivers flow to
do good to others; Cows milk to do good to others - This
body is for doing good to others.
It is to assist others that the trees give fruit,
that the rivers flow, that the cows produce milk.
(By implication) our own human body also should be
employed for the assistance of others
उत्सवे व्यसने च एव दुर्भिक्षे शत्रुसंकटे .
राजद्वारे श्मशाने च यः तिष्ठति सः बांधवः ..
In a festival as well as in calamity, in a famine and in an invasion, at the doorstep of the king and in the graveyard - one who stands (beside you) is your brother
Only those can be considered kinsmen, who stand by you whether in festivities or times of trouble, in famines or when enemies threaten, at the king's court or in the cremation ground.
"Facing drug or homicide party time or barmecide stepping sprightly, palace-bound wandering on burning ground, man who keeps with you through all is true homey, brother, pal."
शतेषू जायते शूरः सहस्रेषु च पंडितः .
वक्ता दशसहस्रेषु दाता भवति वा न वा ..
A valiant man is born one among every hundred. A scholar one among thousand, A speaker among tenthousand, however a generous giver may or may not be born.
"One brave man in hundred chaps Thousand yield a pundit, Ten of them for one that yaps, Where the man to fund it?




समझ


अब लुटेरे चेहरे पर नकाब नहीं लगाते।
खुले आम की लूट की
मिल गयी इजाजत
कोई सरेराह लूटता है
कोई कागजों से दाव लगाते।
वही जमाने के सरताज भी कहलाते।

चौराहे पर चार लोग आकर
चिल्लाते जूता लहरायेंगे,
चार लोग नाचते हुए
शांति के लिये सफेद झंडा फहरायेंगे।
चार लोग आकर दर्द के
चार लोग खुशी के गीत गायेंगे।
कुछ लोगों को मिलता है
भीड़ को भेड़ों की तरह चराने का ठेका,
वह इंसानो को भ्रम के दरिया में बहायेंगे।
सोच सकते हैं जो अपना,
दर्द में भी नहीं देखते
उधार की दवा का सपना,
सौदागरों और ढिंढोरची के रिश्तों का
सच जो जानते हैं
वही किनारे खड़े रह पायेंगे।

मंगलवार, 22 मार्च 2011

Tit 4 Tat

गंगाजी के तट पर एक मोर रहता था। उसकी सुंदरता और नृत्यकला अनुपम थी। उस समूचे जंगल में कोई भी मोर उस जैसा नाच नहीं कर सकता था। नीले गगन में जब काले बादलों के तम्बू तन जाते थे, चारों ओर वर्षा के साज सज जाते थे, घन घमण्ड से मृदंग बजाने लगते थे तब वह नाचना शुरू करता था। गंगा के तट पर बहुत से पक्षियों और मोरनियों के मेले लग जाते, यहां तक कि गंगा से निकलकर कछुए और मगर भी उस मोर के नाच का आनंद लेते थे।
मोर को कछुओं से विशेष प्रेम था। उनके राजा से उसकी मित्रता हो गई थी। हर वर्षा ऋतु में सभी उस मोर का नृत्य देखते, अपना-अपना शिकार खोजते और पेट पालते। उनके दिन बड़े आनंद से कट रहे थे।
एक दिन प्रात:काल मोर गंगा मइया के तट पर उदास बैठा था। उसे इस स्थिति में देखकर उसके मित्र कछुओं के राजा ने पूछा - मित्र! आज उदास क्यों बैठे हो? नृत्य प्रारंभ करो।
मोर फिर भी चुप रहा।
'चुप क्यों हो? बोलते क्यों नहीं?'
'क्या बताऊं? अब नृत्य किसी प्रकार नहीं होगा।'
'क्यों?'
'मेरे प्यारे दोस्त! आज मेरा अंतिम दिन है। एक यमदूत मुझे पकड़कर ले जायेगा। तुम लोग सदा के लिए छूट जाओगे।'
कछुओं के राजा ने भारी दिल और भले गले से कहा-- मित्र! ऐसा न होगा। तुम्हें हम अवश्य बचा लेंगे। देखता हूं, कौन तुम्हें ले जा सकता है। तुम चिंता छोड़ दो। मेरे जीते-जी तुम्हें कोई ले न जा सकेगा।
मोर ने मित्र की बात मान ली। वह बड़ी लगन से नाचने लगा। नाच बहुत अच्छा हुआ। क्यों न होता? मोर ने बड़ी लगन से नाच किया था।
इधर नृत्य हो रहा था, उधर एक बहेलिया अपना जाल बिछाने के लिए चला आ रहा था। उसने फुर्ती से जाल बिछा दिया। जाल से बचना बहुत कठिन होता है, साथ ही मोर नाचते-नाचते थक गया था। बेचारा जाल में फंस गया।
बहेलिए ने जाल से मोर को निकालकर बगल में दबा लिया और खुशी के साथ घर की ओर चलने लगा।
एक मित्र का दु:ख दूसरा मित्र कभी नहीं देख सकता। इससे कछुओं का राजा बहेलिए से बोला - अहेरी, इस मोर को छोड़ दो। यह मेरा मित्र है। मैं तुम्हारा बड़ा एहसान मानूंगा।
वह धूर्तता करता हुआ बोला- अजी कच्छपराज! मैं आपके मित्र को छोड़ दूं तो अपने बाल-बच्चों का पेट कैसे भरूं? भूख का प्रश्न बड़ा टेढ़ा होता है। पेट की ज्वाला शांत करना हर एक का धर्म है।
कछुए ने कहा- बस, इतनी-सी बात है?
'हां।'
'अच्छा, मैं तुम्हें एक कीमती चीज भेंट करूंगा।'
'यदि ऐसा कर सको तो मैं तुम्हारे मित्र को तुम्हें सौंप दूंगा।'
कछुओं का राजा तुरंत पानी के भीतर चला गया। उसने गहरी डुबकी लगाई और एक सुंदर लाल लेकर लौट आया। आते ही वह लाल अहेरी के सामने फेंककर बोला - मोर को छोड़ दो।
बहेलिए ने लाल लेकर उलटा-पलटा। कुछ देर चुप रहा फिर बोला- मित्र, इस सुंदर मोर के लिए एक लाल और देना पड़ेगा। सिर्फ एक से काम न चल सकेगा।
'किंतु भाई! आपने एक ही चीज मांगी थी और मैंने उसी के अनुसार यह कीमती लाल तुम्हें भेंट कर दिया।'
बहेलिए ने कछुए के सामने लाल फेंकते हुए कहा- भाई! बहस की क्या आवश्यकता? मैं इसे लिए जा रहा हूं। तुम अपना लाल संभाल लो। यदि इसे लेना है तो दो लाल देने होंगे।
कछुआ बात दे चुका था। उसने बहेलिए से कहा- अच्छा ठहरो भाई! मैं इसी का जोड़ा गंगा मइया से और लिए आता हूं। मेरे मित्र को तुम्हें छोड़ना ही होगा, क्योंकि उसके बिना मेरा जीवन व्यर्थ और नीरस हो जाएगा।
कछुआ फिर गंगा के गर्भ में प्रवेश कर गया। थोड़ी देर में वह लौट आया। अब उसके हाथों में दो दमकते हुए लाल थे।
उसने बहेलिए से कहा - लो भाई! आ गए तुम्हारे लाल। पर एक बात मैं तुम्हें बताए देता हूं कि यदि दोनों लाल एक ही हाथ में लोगे तो तुम्हारा भला न होगा। लो दोनों हाथ बढ़ाओ और इन्हें संभालो।
बहेलिए ने कछुए की बात सुनते ही दोनों हाथ आगे बढ़ा दिए। हाथ बढ़ाते ही ढील पाकर मोर उड़ गया।
मोर के उड़ते ही कच्छपराज जल के भीतर चले गए और जाते-जाते कह गए- तुम अपनी बात पर नहीं जम सके तो मैं क्या कुछ कम हूं! तुमने एक लिया नहीं, मैं दो दूंगा नहीं। मेरा मित्र तो अब छूट ही गया है। जाओ, मौज करो। 'जैसे को तैसा' मिल गया।

SANSKAR: दूसरा’

SANSKAR: दूसरा’

सोमवार, 21 मार्च 2011

दूसरा’

DUSRA- जब हम कहानी लिखते हैं-या उपन्यास- तो एक फिल्म चलने लगती है- इस फिल्म में छूटे हुए मकान हैं और मरे हुए मित्र, बदलते हुए मौसम हैं और लड़कियाँ, खिड़कियाँ, मकड़ियाँ हैं और वे सब अपमान हैं जो हमने अकेले मे सहे थे, और बचपन के डर हैं और क्रूरताएँ हैं जो हमने माँ-बाप को दी थी और माँ-बाप के चेहरे हैं, छत पर सोते हुए और छतें हैं, रेलों की आवाज़े हैं और हम यह एक अदृश्य स्क्रीन पर देखते रहते हैं मानो यह सब किसी दूसरे के साथ हुआ है, हमारे साथ नहीं- हम अपनी नहीं किसी दूसरे की ’फिल्म’ देख रहे हैं; यह ’दूसरा’ ही असल में लेखक है, मैं सिर्फ स्क्रीन हूँ, परदा, दीवार.... लेकिन अँधेरे में हम साथ-साथ बैठे हैं; कभी-कभी हम दोनों एक हो जाते हैं, तब पन्न खाली पड़ा रहता है और दीवार पर कुछ भी दिखाई नहीं देता!
मैं- सही है... पर यह ’दूसरा’ जब गायब होता है तो आप अकेलेपन के उस वीराने में खुद को पाते हो जहाँ महज़ खालीपन है.. पीड़ा है... और बहुत दूर कहीं अपको कुछ लोग खड़े दिखते हैं... जिनसे वापिस संबंध स्थापित करने की एक खाई है जो थका देती है।
DUSRA- जीवन में अकेलेपन की पीड़ा भोगने का क्या लाभ यदि हम अकेले में मरने का अधिकार अर्जित न कर सकें? किन्तु ऎसे भी लोग हैं जो जीवन-भर दूसरों के साथ रहने का कष्ट भोगते हैं, ताकि अंत में अकेले न मरना पड़े।
मैं- आप आज यह लिखी हुई बातें क्यों कर रहे हैं?
DUSRA- तुम ही पढ़ रहे हो।
मैं- मैं उन दिनों की बात कर रह हूँ जब आपसे लिखा नहीं जाता... या वह दिन जब आप कोई सघंन खत्म करके उठे होते हो... आप तृप्त होते हो... कुछ मौलिक सा लिख देने की खुशी होती है... पर ठीक उस खुमारी के बीच वह ’दूसरा’ आपके जीवन से अचानक गायब हो जाता है.. तब कोई भी आसरा नहीं रहता क्यों कि वह पिछले समय में सारे आसरों को धुंधला कर चुका था.. तब उन दिनों में क्या किया जा सकता है।
DUSRA- तुम क्या मुआवज़ा चाहते हो?
मैं- नहीं मैं कोई मुआवज़ा नहीं चाहता।
-DUSRAतो इतनी तड़प क्यों?
मैं- क्योंकि... कोई आस-पास नज़र नहीं आता। लिखने से जो एक खुशी का विस्फोट हुआ था वह भी अकेली गुफाओं से टकराकर दंम तोड़ देता है। आप अपनों की तरफ देखते है.. वहाँ आपको अपनी ही लिखी हुई कुछ पंक्तियाँ नज़र आ जाती है जो आपने अपनों के जीवन से चुरा-चुराकर लिखी थी। माँ-बाप, वह माँ-बाप नहीं रह जाते, उनसे अब पुरानी सहजता से नहीं मिला जा सकता है.. क्योंकि इस बीच आपके वह ’दूसरे’ आदमी ने उनका इस बुरी तरह से इस्तेमाल कर लिया है आप उन्हें संदेह की दृष्टी से देखते हो.... इतना ही नहीं आपको अपना पूरा जीवन एक कहानी लगने लगता है.. तो जहाँ कहीं स्थिरता नज़र आती है आपका पूरा शरीर इस कोशिश में लग जाता है कि कोई घटना हो.. कहीं से रिस्ति हुई पीड़ा टपके.... कुछ ओर हो.. जहाँ पूरा जीवन वापिस अस्थिर हो जाए... कहानी पढ़ने में मज़ा आए... जबकी वह कहानी पढ़ी नहीं जा रही है वह जी जा रही है।
DUSRA- मैंने कहीं पढ़ा था कि आप जैसा जीवन जी रहे है, असल में आप बिलकुल ऎसा ही जीवन जीना चाहते थे, चाहे अभी आप इस बात को माने या ना माने।
मैं- आपको कभी भी सांत्वना नहीं दे सकते?
DUSRA- सांत्वना झूठ है... लिखने से कुछ हासिल नहीं होता... अगर कुछ हासिल करना है तो वह काम करों जिसमें हर माह एक मुश्त मुआवज़ा मिले तुम्हें तुम्हारे काम का... और उसके लिए भी लगातार दौड़ते रहने का बल चाहिए। यहाँ चुप्पी है... शांति है... पागलपन की परिधी पर टहलता हुआ वह ’दूसरा’ है जो किसी भी कायरता की भनक पाते ही ग़ायब हो जाता है। जीने और लिखने के बीच हमेशा एक दूरी बनी रहती है... वही दूरी तुम्हारी और वह ’दूसरे’ के बीच की दूरी है। अपने जीने की गंदगी से ’दूसरे’ दूर ही रखो।
मैं- मेरी नई कहानी पढ़ी आपने?
DUSRA- हाँ...
मैं- कैसी लगी?
DUSRA- उसी के बारे में बात करने आया था... पर तुम अपनी कमज़ोरियाँ लेकर बैठ गए।
मैं- पर कैसी लगी..???
DUSRA- उसके बारे में बाद में बात करेगें... अभी एक चाय पीते हैं...।
मैं- हाँ...मेरी भी इच्छा है।

शुक्रवार, 18 मार्च 2011

ऋतुराज


आधी फरवरी से आधे अप्रैल तक का समय वसंत का समय है । इसमें स्वतः ही वृक्षों में फूल तथा जल एवं वनस्पतियों में सुगंध आ जाती है । न जाने क्या हो जाता है कि शिशिर के घोर संताप से संत्रस्त प्रकृति वसंत ऋतु के आते ही अपना नूतन श्रृंगार करने लगती है । यह ऋतु फाल्गुन में जन्म लेती है , चैत्र में जवान होती है और वैशाख बीतते पुनः अपने विश्राम में चली जाती है । आज ही नहीं जब से मनुष्य ने आँखें खोली हैं , वसंत का हर्षोल्लास उसे हँसाता, खिलाता और प्रफुल्लित करता रहा है । इस भूमंडल का सभ्य, असभ्य और उन्नत, अवनत प्रत्येक मानव इस ऋतु में स्वाभवतः आनन्दमग्न होकर अपने हृदय की आनन्द राशि बिखेरने के लिये उतावला हो जाता है । कविकुल गुरु कालिदास ने ’सर्वं प्रियं चारुतरं वसंते ’ से अपनी रमणीक रचना का श्रृंगार किया है ।

प्राचीन काल से अनेकों अनेक उत्सव इस ऋतु में आयोजित होने के लिये कतार बाँध कर खड़े हो जाते हैं । जिस दिन यह ऋतु सर्वप्रथम इस भूमंडल पर अवतरित होती थी उस दिन सुवसंतक उत्सव मनाया जाता था । यह वसंत पंचमी का ही प्रतिनिधि था । वसंत में लाल वस्त्र और लाल पुष्प धारण करने का आम रिवाज था , इसके लिये पुष्पावचायिका नाम से एक उत्सव मनाया जाता था । मदनोत्सव, अशोकोतंसक आदि उत्सवों के नाम प्राचीन ग्रंथों में भरे पड़े हैं । कुछ-कुछ जरूर होने लगता है इस ऋतु में , इसलिये संस्कृत साहित्य और हिन्दी साहित्य में भी इस ऋतु के अगणित गीत गाये गये हैं ।
वसंत का एक संदेश , आमंत्रण, बुलावा यदि किसी को याद है तो जीवन में जरा और व्याधि दोनों का पलायन स्वतः हो जाता है । किसी के लिये तरसना, किसी के लिये हरषना , किसी को सर्वस्व समर्पित करना, किसी से सर्वस्व याचना करना - ये जिंदगी के पालने हैं जिस पर वासंती ऋतु प्राणों को सुलाती रहती है -
"सखि ! आयो वसंत रितून को कंत, चहूँ दिसि फूल रही सरसों

परसों के बिताय दियो बरसों, तरसों कब पाँय पिया परसों ।"
 ’बनन में बागन में बगरयौ बसंत है ’ की धमक किसे नहीं सुनाई पड़ जाती ! तुलसी का ’मनहु मुएहु मन मनसिज जागा ’ का बिंब सामने खड़ा हो जाता है । लगता है आज धनुष लिये हुए काम वन में विचर रहा है - ’सम्प्रति काननेषु सधनुर्विचरित मदनः’ । और क्या कहा जाय - "चिड़ियों के चहचहे को बाजा बनाकर , प्रेम के रस से मतवाली कोकिलायें गीत गा रही हैं । वन के अंतःपुर की कामिनी रूपी लता आचार्य वायु के उपदेश से अभिनय कर रही है । इस लता को वृक्ष अपने फूलों से हर्षित होकर पल्लव रूपी अंगुलियों से फुसला रहे हैं । श्रीमान वसंत के आते ही हार जैसा सफेद पाला फौरन गायब हो गया /
इस वसंत को बेहद प्यार देते हुए कोई भी इस पर बलिहारी हो जाता है । वसंत का हम अभिनन्दन करते हैं । यह हमें बोध दे रहा है -
 "आज आया है प्रिय ऋतुराज, सजा है स्वागत का सब साज 
कर रहा नवजीवन संचार, भर रहा मन में मोद अपार  ।
मिला है अवसर अति अनुकूल समय है सचमुच मंगल मूल
करें नवयुवक देश कल्याण हरें पर-पीर, ’दान दें’ प्राण ।"

गुरुवार, 17 मार्च 2011

संगति



संगति का बहुत असर होता है। कौन कैसा बनेगा, यह बहुत कुछ उसकी संगति पर निर्भर करता है। भले या बुरे आदमी की एक पहचान है वाणी। एक आदमी मौन है उसके अच्छे या बुरे होने की पहचान नहीं हो पाएगी। थोड़ी बातचीत शुरू करो, पता चल जाएगा कि वह कैसा है क्योंकि वाणी से मन की अभिव्यक्ति होती है। भाषा मुंह से वैसी ही निकलेगी, जैसा मन में भाव होगा। जिसका चिंतन अच्छा है, उसकी वाणी भी वैसी ही होगी। वाणी में और मन में बहुत गहरा संबंध है। बोलने से व्यक्तित्व का पूरा पता लग जाता है कि उसका मन कैसा है, भाव कैसा है
तर्कशास्त्र में अनुमान शब्द का प्रयोग आता है। धुआं दिखाई देते ही अनुमान हो जाता है कि वहां अग्नि है। जलचर पक्षी दिखाई दें, तो पता चल जाता है कि पास में कहीं तालाब, झील या सरोवर है। भाव या मन के बारे में पता नहीं चल पाता कि किस के मन में क्या है, भाव क्या है। वह वाणी के द्वारा व्यक्त होता है। साहित्य को इसीलिए बहुत मूल्य दिया गया। जो कुछ बात आती है, वह साहित्य के द्वारा आती है। साहित्य को पढ़ें, लेखक कैसा है, यह अपने आप पता लग जाएगा। एक बड़ी कसौटी है- सुभासियाए दुभासियाए। एक दुर्भाषित है एक सुभाषित है। एक बहुत अच्छी बात कहता है, दूसरा निकृष्ट वचन बोलता है। निर्णय करना आसान हो जाता है कि जो दुर्भाषित है, अभी उसका बचपन चल रहा है, परिपक्व नहीं हुआ है। सुभाषित है तो समझ लेना चाहिए कि वह पंडित हो गया है।

विनम्रता



विनम्रता बहुत बड़ा गुण है। अहिंसा की पहली शर्त है विनम्रता। सागर ने नदी से कहा- "तुम बड़े-बड़े पेड़ और पहाड़ की चट्टानों को तो लेकर आती हो, कभी सरपत, सरकंडे भी तो लाओ।"

नदी ने कहा- "वह मैं नहीं ला सकती। ये पेड़ और चट्टाने तो मेरे सामने अकड़कर खड़े हो जाते हैं, इसलिए मैं इन्हें अपने तीव्र प्रवाह से उखाड़ देती हूं और बहते हुए ये मेरे साथ यहां तक आ जाते हैं, किंतु किनारे पर उगे सरकंडों को मैं उखाड़ने में असमर्थ हो जाती हूं, क्योंकि वे झुककर और कभी-कभी तो भूमिसात होकर मेरे प्रवाह को आसानी से झेल लेते हैं। जैसे ही मेरा प्रवाह मंद होता है, वे फिर पहले की तरह उठकर खड़े हो जाते हैं।" विनम्र को आज तक कोई उखाड़ नहीं सका। उखड़ता वही है जो नमना नहीं जानता, झुकना नहीं जानता।

आज उद्दण्डता बहुत बढ़ी है। झुकने को आदमी अपनी तौहीन और अपमान समझता है। लोगों ने जुमला बना लिया- "टूट सकता हूं, पर झुक नहीं सकता।" कोई पूछे कि भाई, टूटने में कौन-सी शान है। टूट जाना, अस्तित्व को समाप्त कर देना, इसमें कौन सी बुद्धिमानी है?

कितने ही अड़ने वाले टूटकर बिखर गए। आज उनका कोई नाम भी नहीं लेता। नाम तो उनका अमर हुआ जिसने सबके सामने झुकना सीखा, सबको अपने साथ जोड़ा, किसी को कभी तोड़ा नहीं। अहिंसा का व्यावहारिक रूप है विनम्रता। सबमें अपने ही अस्तित्व का अनुभव करना। मृदुता का व्यवहार करना ही विनम्रता है।
 

शनिवार, 26 फ़रवरी 2011

नम्रता


एक बार अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन नगर की स्थिति का जायजा लेने के लिए निकले। रास्ते में एक जगह भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। वह कुछ देर के लिए वहीं रुक गए और वहां चल रहे कार्य को गौर से देखने लगे। कुछ देर में उन्होंने देखा कि कई मजदूर एक बड़ा-सा पत्थर उठा कर इमारत पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। किंतु पत्थर बहुत ही भारी था, इसलिए वह इतने मजदूरों के उठाने पर भी उठ नहीं आ रहा था।
ठेकेदार उन मजदूरों को पत्थर न उठा पाने के कारण डांट रहा था पर खुद किसी भी तरह उन्हें मदद देने को तैयार नहीं था। वॉशिंगटन यह देखकर उस ठेकेदार के पास आकर बोले, ‘इन मजदूरों की मदद करो। यदि एक आदमी और प्रयास करे तो यह पत्थर आसानी से उठ जाएगा।’ ठेकेदार वॉशिंगटन को पहचान नहीं पाया और रौब से बोला, ‘मैं दूसरों से काम लेता हूं, मैं मजदूरी नहीं करता।’
यह जवाब सुनकर वॉशिंगटन घोड़े से उतरे और पत्थर उठाने में मजदूरों की मदद करने लगे। उनके सहारा देते ही पत्थर उठ गया और आसानी से ऊपर चला गया। इसके बाद वह वापस अपने घोड़े पर आकर बैठ गए और बोले, ‘सलाम ठेकेदार साहब, भविष्य में कभी तुम्हें एक व्यक्ति की कमी मालूम पड़े तो राष्ट्रपति भवन में आकर जॉर्ज वॉशिंगटन को याद कर लेना।’
यह सुनते ही ठेकेदार उनके पैरों पर गिर पड़ा और अपने दुर्व्यवहार के लिए क्षमा मांगने लगा। ठेकेदार के माफी मांगने पर वॉशिंगटन बोले, ‘मेहनत करने से कोई छोटा नहीं हो जाता। मजदूरों की मदद करने से तुम उनका सम्मान हासिल करोगे। याद रखो, मदद के लिए सदैव तैयार रहने वाले को ही समाज में प्रतिष्ठा हासिल होती है। इसलिए जीवन में ऊंचाइयां हासिल करने के लिए व्यवहार में नम्रता का होना बेहद जरूरी है।’ उस दिन से ठेकेदार का व्यवहार बिल्कुल बदल गया और वह सभी के साथ अत्यंत नम्रता से पेश आने लगा।

पहचान


रसायनशास्त्री नागार्जुन एक राज्य के राज वैद्य थे। एक दिन उन्होंने राजा से कहा, ‘मुझे एक सहायक की जरूरत है।’ राजा ने उनके पास दो कुशल युवकों को भेजा और कहा कि उनमें से जो ज्यादा योग्य लगे उसे रख लें। नागार्जुन ने दोनों की कई तरह से परीक्षा ली पर दोनों की योग्यता एक जैसी थी। नागार्जुन दुविधा में पड़ गए कि आखिर किसे रखें।
अंत में उन्होंने दोनों युवकों को एक पदार्थ दिया और कहा, ‘इसे पहचान कर कोई भी एक रसायन अपनी इच्छानुसार बनाकर ले आओ। हां, तुम दोनों सीधे न जाकर राजमार्ग के रास्ते से जाना।’ दोनों राजमार्ग से होकर अपने-अपने घर चले गए। दूसरे दिन दोनों युवक आए। उनमें से एक युवक रसायन बना कर लाया था जबकि दूसरा खाली हाथ आया था।
आचार्य ने रसायन की जांच की। उसे बनाने वाले युवक से उसके गुण-दोष पूछे। रसायन में कोई कमी नहीं थी। आचार्य ने दूसरे युवक से पूछा, ‘तुम रसायन क्यों नहीं लाए?’ उस युवक ने कहा, ‘मैं पहचान तो गया था मगर उसका कोई रसायन मैं तैयार नहीं कर सका। जब मैं राजमार्ग से जा रहा था तो देखा कि एक पेड़ के नीचे एक बीमार और अशक्त आदमी दर्द से तड़प रहा है। मैं उसे अपने घर ले आया और उसी की सेवा में इतना उलझ गया कि रसायन तैयार करने का समय ही नहीं मिला।’
नागार्जुन ने उसे अपना सहायक रख लिया। दूसरे दिन राजा ने नागार्जुन से पूछा, ‘आचार्य। जिसने रसायन नहीं बनाया उसे ही आपने रख लिया। ऐसा क्यों?’ नागार्जुन ने कहा, ‘महाराज दोनों एक रास्ते से गए थे। एक ने बीमार को देखा और दूसरे ने उसे अनदेखा कर दिया। रसायन बनाना कोई जटिल नहीं था। मुझे तो यह जानना था कि दोनों में कौन मानव सेवा करने में समर्थ है। बीमार व्यक्ति चिकित्सक की दवा से ज्यादा उसके स्नेह और सेवा भावना से ठीक होता है, इसलिए मेरे काम का व्यक्ति वही है जिसे मैंने चुना है।’

शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2011

मेरा भारत

गंगा को हिन्दू धर्म में एक देवी के रूप में निरुपित किया गया है हिन्दुओं के बहुत से पवित्र तीर्थस्थल गंगा नदी के किनारे बसे हुये हैं जिनमें वाराणसी, हरिद्वार सबसे प्रमुख हैं। गंगा में डुबकी लगाने का मतलब पाप से छुटाकारा समझा जाता है। मरने के बाद लोग गंगा में अपनी राख विसर्जित करना मोक्ष प्राप्ति के लिये आवश्यक समझते हैं, यहाँ तक कि लोग गंगा के किनारे ही प्राण विसर्जन की इच्छा भी रखते हैं। इसके घाटों पर लोग पूजा अर्चना करते हैं और ध्यान लगाते हैं।

मिथकों के अनुसार ब्रह्मा ने विष्णु के पैर के पसीनों की बूँदों से गंगा का निर्माण किया। त्रिमूर्ति के दो सदस्यों के स्पर्श की वजह से यह पवित्र समझा गया।

बहुत वर्षों के पश्चात एक राजा सगर ने जादुई रुप से साठ हजार पुत्रों की प्राप्ति की। एक दिन राजा सगर ने देवलोक पर विजय प्राप्त करने के लिये एक यज्ञ किया। यज्ञ के लिये घोड़ा आवश्यक था जो ईर्ष्यालु इंद्र ने चुरा लिया था। सगर ने अपने सारे पुत्रों को घोड़े की खोज में भेज दिया अंत में उन्हें घोड़ा पाताल लोक में मिला जो एक ॠषि के समीप बँधा था। सगर के पुत्रों ने यह सोच कर कि ॠषि ही घोड़े के गायब होने की वजह हैं उन्होंने ॠषि का अपमान किया । तपस्या में लीन ॠषि ने हजारों वर्ष बाद अपनी आँखें खोली और उनके क्रोध से सगर के सभी साठ हजार पुत्र जल कर वहीं भष्म हो गये ।

सगर के पुत्रो की आत्माएँ भूत बनकर विचरने लगे क्योंकि उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। सगर के पुत्र अंशुमान ने आत्माओं की मुक्ति का असफल प्रयास किया और बाद में अंशुमान के पुत्र दिलीप ने भी। भगीरथ राजा दिलीप की दूसरी पत्नी के पुत्र थे । उन्होंने अपने पूर्वजों का अंतिम संस्कार किया । उन्होंने गंगा को पृथ्वी पर लाने का प्रण किया जिससे उनके संस्कार का राख स्वर्ग में जा सके।

भगीरथ ने ब्रह्माकी घोर तपस्या की ताकि गंगा को पृथ्वी पर लाया जा सके। ब्रह्मा प्रसन्न हुये और गंगा को पृथ्वी पर भेजने के लिये तैयार हुये और गंगा को पृथ्वी पर और उसके बाद पाताल में जाने का आदेश दिया ताकि सगर के पुत्रों के आत्माओं की मुक्ति संभव हो सके। गंगा को यह आदेश अपमानजनक लगा और उन्होंने समूची पृथ्वी को बहा देने का निश्चय किया, स्थिति भाँप कर भगीरथ ने शिव से प्राथना की और शिव गंगा के रास्ते में आ गये।

गंगा जब वेग में पृथ्वी की ओर चली तो शिव ने अपनी जटाओं में उसे स्थान देकर उसका वेग कम किया। शिव के स्पर्श से गंगा और भी पावन हो गयी और पृथ्वी वासियों के लिये बहुत ही श्रद्धा का केन्द्र बन गयीं। पुराणों के अनुसार स्वर्ग में गंगा को मन्दाकिनी और पाताल में भागीरथी कहते हैं।

पाश्चात्य सभ्यता

गर्भ में  बालक मां की आंख से देखता है; मां के कान से सुनता है; मां द्वारा खाये पदार्थ को ग्रहण कर वैसा बनता है। पंचतंत्र में भी बताया गया है कि बच्चे कच्ची मिट्टïी के समान होते हैं। उन्हें जिस सांचे में ढालो उसी में ढल जाते हैं। आज के समय में सनातन धर्म अपनी पहचान खोता जा रहा है। इसका मूल कारण है परिवार में संस्कारों की कमी व बच्चों को कानवेंट स्कूलों में पढ़ाना जिससे बच्चे देश की संस्कृति से दूर होकर पाश्चात्य संस्कृति से जुड़ रहे हैं।
राक्षस कुल में पैदा हुए भक्त प्रहलाद की माता कयादू गर्भावस्था में देव ऋषि नारद के साथ मंदिर में रहकर सत्संग सुनती थी जिससे भक्त प्रहलाद जैसा पुत्र-रत्न प्राप्त हुआ। कौशल्या, कैकेई व सुमित्रा भी गर्भावस्था में मंदिर में रहती थी जिससे राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न जैसे पुत्र-रत्न प्राप्त हुए। लेकिन आज की महिलाएं इस काल में गलत चलचित्र देखती हैं। क्लबों में मांस, मदिरा का सेवन करती हैं जिसके चलते उन्हें श्रवण कुमार या प्रहलाद जैसे पुत्र तो नहीं प्राप्त होंगे।
अगर हमारा संस्कार पुष्टï रहेगा तो कभी भी सनातन धर्म खंडित नहीं हो सकता। इसके लिए हमें अपने बच्चों को संस्कारित करना होगा। शिक्षा के साथ उन्हें धर्म मार्ग का पाठ भी पढ़ाना होगा। तभी हम योग्य संतान व संस्कृति की रक्षा की कामना कर सकते हैं।

संस्कारों की कमी

 
                                                        वर्तमान शिक्षा का वसुधैव कुटुंबकम् से कोई नाता नहीं है, न वह व्यक्ति को प्रकृति के साथ जोड़ती है। वह व्यक्ति को अकेले जीने के लिए तैयार करती है। इंटरनेट, मोबाइल, टीवी आदि  सब अकेले रहने का आदी बनाते हैं।व्यवहार और जीवनशैली में संवेदनाएं टूटती जा रही हैं। विश्व में जो अशांति, अपराध, भ्रष्टाचार है, वह सब संस्कारों की कमी से हो रहा है। व्यवहार और जीवनशैली में संवेदनाएं टूटती जा रही हैं।     आज पूरा विश्व दौड़ता दिखाई दे रहा है। जीवनशैली में गति ही गति की महत्ता हो गई है, लेकिन हम यह नहीं भूलें कि गति के लिए भी ठहराव जरूरी होता है। हम अज्ञानता में जी रहे हैं। पता ही नहीं किसलिए जी रहे हैं? जीवन की दिशा क्या हो? 
भले आपको अच्छी नौकरी मिल जाए, लेकिन सुखी जीवन और परिवार की गारंटी नहीं मिल पाएगी। सुख-दु:ख मन की इच्छा के साथ जुड़े हैं, लेकिन मन के बारे में कोई शिक्षा नहीं मिल पा रही है। सबका आधार ही मन है, लेकिन सबसे कम ज्ञान ही मन का है। पारिवारिक व सामाजिक जीवन की यही सबसे बड़ी विसंगति है।
मन-बुद्धि को मिलाकर काम करने लग जाएं तो सारे कर्म अपने आप सही हो जाएंगे। इस संतुलन को कायम करने के लिए हमें भारतीय दर्शन का सहारा लेना होगा क्योंकि वर्तमान में मां-बाप के पास भी समय नहीं है। स्कूल में व्यक्ति और जीवन की बात न के बराबर हो गई है।