शुक्रवार, 18 मार्च 2011

ऋतुराज


आधी फरवरी से आधे अप्रैल तक का समय वसंत का समय है । इसमें स्वतः ही वृक्षों में फूल तथा जल एवं वनस्पतियों में सुगंध आ जाती है । न जाने क्या हो जाता है कि शिशिर के घोर संताप से संत्रस्त प्रकृति वसंत ऋतु के आते ही अपना नूतन श्रृंगार करने लगती है । यह ऋतु फाल्गुन में जन्म लेती है , चैत्र में जवान होती है और वैशाख बीतते पुनः अपने विश्राम में चली जाती है । आज ही नहीं जब से मनुष्य ने आँखें खोली हैं , वसंत का हर्षोल्लास उसे हँसाता, खिलाता और प्रफुल्लित करता रहा है । इस भूमंडल का सभ्य, असभ्य और उन्नत, अवनत प्रत्येक मानव इस ऋतु में स्वाभवतः आनन्दमग्न होकर अपने हृदय की आनन्द राशि बिखेरने के लिये उतावला हो जाता है । कविकुल गुरु कालिदास ने ’सर्वं प्रियं चारुतरं वसंते ’ से अपनी रमणीक रचना का श्रृंगार किया है ।

प्राचीन काल से अनेकों अनेक उत्सव इस ऋतु में आयोजित होने के लिये कतार बाँध कर खड़े हो जाते हैं । जिस दिन यह ऋतु सर्वप्रथम इस भूमंडल पर अवतरित होती थी उस दिन सुवसंतक उत्सव मनाया जाता था । यह वसंत पंचमी का ही प्रतिनिधि था । वसंत में लाल वस्त्र और लाल पुष्प धारण करने का आम रिवाज था , इसके लिये पुष्पावचायिका नाम से एक उत्सव मनाया जाता था । मदनोत्सव, अशोकोतंसक आदि उत्सवों के नाम प्राचीन ग्रंथों में भरे पड़े हैं । कुछ-कुछ जरूर होने लगता है इस ऋतु में , इसलिये संस्कृत साहित्य और हिन्दी साहित्य में भी इस ऋतु के अगणित गीत गाये गये हैं ।
वसंत का एक संदेश , आमंत्रण, बुलावा यदि किसी को याद है तो जीवन में जरा और व्याधि दोनों का पलायन स्वतः हो जाता है । किसी के लिये तरसना, किसी के लिये हरषना , किसी को सर्वस्व समर्पित करना, किसी से सर्वस्व याचना करना - ये जिंदगी के पालने हैं जिस पर वासंती ऋतु प्राणों को सुलाती रहती है -
"सखि ! आयो वसंत रितून को कंत, चहूँ दिसि फूल रही सरसों

परसों के बिताय दियो बरसों, तरसों कब पाँय पिया परसों ।"
 ’बनन में बागन में बगरयौ बसंत है ’ की धमक किसे नहीं सुनाई पड़ जाती ! तुलसी का ’मनहु मुएहु मन मनसिज जागा ’ का बिंब सामने खड़ा हो जाता है । लगता है आज धनुष लिये हुए काम वन में विचर रहा है - ’सम्प्रति काननेषु सधनुर्विचरित मदनः’ । और क्या कहा जाय - "चिड़ियों के चहचहे को बाजा बनाकर , प्रेम के रस से मतवाली कोकिलायें गीत गा रही हैं । वन के अंतःपुर की कामिनी रूपी लता आचार्य वायु के उपदेश से अभिनय कर रही है । इस लता को वृक्ष अपने फूलों से हर्षित होकर पल्लव रूपी अंगुलियों से फुसला रहे हैं । श्रीमान वसंत के आते ही हार जैसा सफेद पाला फौरन गायब हो गया /
इस वसंत को बेहद प्यार देते हुए कोई भी इस पर बलिहारी हो जाता है । वसंत का हम अभिनन्दन करते हैं । यह हमें बोध दे रहा है -
 "आज आया है प्रिय ऋतुराज, सजा है स्वागत का सब साज 
कर रहा नवजीवन संचार, भर रहा मन में मोद अपार  ।
मिला है अवसर अति अनुकूल समय है सचमुच मंगल मूल
करें नवयुवक देश कल्याण हरें पर-पीर, ’दान दें’ प्राण ।"