शनिवार, 30 जुलाई 2011

गुरू पूर्णिमा


शिष्यों को विद्यादान करते गुरू व्यासआषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरू पूर्णिमा कहते हैं। इस दिन गुरु पूजा का विधान है। गुरू पूर्णिमा वर्षा ऋतु के आरंभ में आती है। इस दिन से चार महीने तक परिव्राजक साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर ज्ञान की गंगा बहाते हैं। ये चार महीने मौसम की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ होते हैं। न अधिक गर्मी और न अधिक सर्दी। इसलिए अध्ययन के लिए उपयुक्त माने गए हैं। जैसे सूर्य के ताप से तप्त भूमि को वर्षा से शीतलता एवं फसल पैदा करने की शक्ति मिलती है, ऐसे ही गुरुचरण में उपस्थित साधकों को ज्ञान, शांति, भक्ति और योग शक्ति प्राप्त करने की शक्ति मिलती है।
यह दिन महाभारत के रचयिता कृष्ण द्वैपायन व्यास का जन्मदिन भी है। वे संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे और उन्होंने चारों वेदों की भी रचना की थी। इस कारण उनका एक नाम वेद व्यास भी है। उन्हें आदिगुरु कहा जाता है और उनके सम्मान में गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा नाम से भी जाना जाता है। भक्तिकाल के संत घीसादास का भी जन्म इसी दिन हुआ था वे कबीरदास के शिष्य थे।
शास्त्रों में गु का अर्थ बताया गया है- अंधकार या मूल अज्ञान और रु का का अर्थ किया गया है- उसका निरोधक। गुरु को गुरु इसलिए कहा जाता है कि वह अज्ञान तिमिर का ज्ञानांजन-शलाका से निवारण कर देता है। अर्थात अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को 'गुरु' कहा जाता है। गुरु तथा देवता में समानता के लिए एक श्लोक में कहा गया है कि जैसी भक्ति की आवश्यकता देवता के लिए है वैसी ही गुरु के लिए भी।

बरखा बहार

छह ऋतुओं का देश है भारत। प्रत्येक ऋतु का अपना अलग ही सौंदर्य है, उसकी अपनी प्राकृतिक पहचान है जिससे प्रभावित होकर कवियों ने अनेक छंद रचे तो चित्रकारों एवं संगीतकारों की भी सदैव प्रेरणा स्त्रोत रही है। छह ऋतुओं के अंतर्गत जो ऋतुएं प्रकृति में स्पष्ट परिवर्तन लातीं है तथा जिनके आगमन से जनमानस आनंदातिरेक के कारण फाग तथा कजरी–जैसे गीत प्रकारों को शब्द–बद्ध एवं स्वरबद्ध करता है, वह हैं – वसंत तथा वर्षा ऋतु।

माघ तथा पौष की कड़कती ठंड के बाद फाल्गुन मास के साथ छायी मौसम की हलकी वासंती गुनगुनाहट हृदय को आनंदित कर देती है। कोयल की मधुर कूक, पुष्पों पर झूमते भ्रमर, लाल–पीले टेसू तथा सरसों के फूल – और तभी रचना होती है अलमस्त फागों की तथा कलाकार हृदय इस वासंती वातावरण को चित्रांकित करता है 'राग वसंत' तथा 'रागिनी वासंती' अथवा 'वासंतिकी' के रूप में।

धीरे–धीरे यही मनमोहक ऋतु अपने वासंती रूप को त्यागकर जब ग्रीष्म की ओर बढ़ने लगती है तब सर्वत्र शुष्कता छा जाती है। नदी इत्यादि सभी जल–स्त्रोत जल–विहीन होने लगते है, प्यासा जन–जीवन, सूखे वृक्ष में भी छाया तलाशते पशु–पक्षी, जल के अभाव एवं ग्रीष्म के ऊष्णतायुक्त वातावरण के कारण कुम्हालाये पेड़–पौधेॐ प्यास से तृषित चातक पक्षी आकाश की ओर उन्मुख होकर जैसे आकाश से जल की याचना करता है। ग्रीष्म की जलविहीन शुष्क ऋतु में भी कलाकार की रचनाधर्मिता जागृत रहती है। संगीतकार इस उष्ण वातावरण को राग दीपक के स्वरों में प्रदर्शित करता है तो चित्रकार रंग तथा तूलिका के माध्यम से राग दीपक को चित्र में साकार करता है।

परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है। ग्रीष्म की तपन के पश्चात आकाश में छाने लगते हैं – श्वेत–श्याम बादलों के समूह तथा संदेश देते हैं, जन–जन में प्राणों का संचार करने वाली बर्षा ऋतु के आगमन का। आकाश में छायी श्यामल घटाओं तथा ठंडी–ठंडी बयार के साथ झूमती आती है जन–जन को रससिक्त करती, जीवन दायिनी वर्षा की प्रथम फुहार। वर्षा की सहभागिनी ग्रीष्म की उष्णता आकाश से जल बिंदुओं के रूप में पुनः धरती पर अवतरित होती है किंतु अपने नवीन मनमोहक रूप में। उष्ण वातावरण के कारण घिर आये मेघ तत्पश्चात जीवनदान करती वर्षा का प्रसंग एक किवदंती में प्राप्त होता है जिसके अनुसार बादशाह अकबर ने दरबार में गायक तानसेन से ग्रीष्म ऋतु का 'राग दीपक' सुनने का अनुरोध किया। तानसेन के स्वरों के साथ वातावरण में ऊष्णता व्याप्त होती गयी। सभी दरबारीगण तथा स्वयं तानसेन भी बढ़ती गरमी को सहन नहीं कर पा रहे थे। लगता था, जैसे सूर्य देव स्वयं धरती पर अवतरित होते जा रहे हैं। तभी कहीं दूर से राग मेघ के स्वरों के साथ मेघ को आमंत्रित किया जाने लगा। जल वर्षा के कारण ही गायक तानसेन की जीवन रक्षा हुई।

ऋतु परिवर्तन के साथ प्रकृति सदैव एक नया ही रूप धारण करती है। चारों ओर छायी हरियाली, सूखे वृक्षों पर नवीन पल्लव–ऐसा प्रतीत होता है जैसे धरा ने अपने जीर्ण–शीर्ण वस्त्रों का परित्याग कर नवीन हरित परिधान धारण किया हो। आकाश में मेघों की गड़गड़ाहट के साथ श्यामल घनघोर घटाओं में स्वर्णिम चपला दामिनी की थिरकन, मृदंग वादन की संगति में नृत्य का आभास देती है। मेघ गर्जना से उन्मादित मयूर अपने सतरंगी इंद्रधनुषीय पंखों को फैला कर नृत्य विभोर हो रहा है। श्यामवर्णी मेघ के मध्य उड़ती हुई . . . . बकुल पंक्तियां अत्यंत मनोहारी प्रतीत होती है। वर्षा में सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हैं, लगता है ग्रीष्म ऋतु में कठिन परिश्रम के कारण सूर्यदेव श्यामल मेघों की ओट में विश्राम कर रहे हैं।