शनिवार, 26 फ़रवरी 2011

नम्रता


एक बार अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन नगर की स्थिति का जायजा लेने के लिए निकले। रास्ते में एक जगह भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। वह कुछ देर के लिए वहीं रुक गए और वहां चल रहे कार्य को गौर से देखने लगे। कुछ देर में उन्होंने देखा कि कई मजदूर एक बड़ा-सा पत्थर उठा कर इमारत पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। किंतु पत्थर बहुत ही भारी था, इसलिए वह इतने मजदूरों के उठाने पर भी उठ नहीं आ रहा था।
ठेकेदार उन मजदूरों को पत्थर न उठा पाने के कारण डांट रहा था पर खुद किसी भी तरह उन्हें मदद देने को तैयार नहीं था। वॉशिंगटन यह देखकर उस ठेकेदार के पास आकर बोले, ‘इन मजदूरों की मदद करो। यदि एक आदमी और प्रयास करे तो यह पत्थर आसानी से उठ जाएगा।’ ठेकेदार वॉशिंगटन को पहचान नहीं पाया और रौब से बोला, ‘मैं दूसरों से काम लेता हूं, मैं मजदूरी नहीं करता।’
यह जवाब सुनकर वॉशिंगटन घोड़े से उतरे और पत्थर उठाने में मजदूरों की मदद करने लगे। उनके सहारा देते ही पत्थर उठ गया और आसानी से ऊपर चला गया। इसके बाद वह वापस अपने घोड़े पर आकर बैठ गए और बोले, ‘सलाम ठेकेदार साहब, भविष्य में कभी तुम्हें एक व्यक्ति की कमी मालूम पड़े तो राष्ट्रपति भवन में आकर जॉर्ज वॉशिंगटन को याद कर लेना।’
यह सुनते ही ठेकेदार उनके पैरों पर गिर पड़ा और अपने दुर्व्यवहार के लिए क्षमा मांगने लगा। ठेकेदार के माफी मांगने पर वॉशिंगटन बोले, ‘मेहनत करने से कोई छोटा नहीं हो जाता। मजदूरों की मदद करने से तुम उनका सम्मान हासिल करोगे। याद रखो, मदद के लिए सदैव तैयार रहने वाले को ही समाज में प्रतिष्ठा हासिल होती है। इसलिए जीवन में ऊंचाइयां हासिल करने के लिए व्यवहार में नम्रता का होना बेहद जरूरी है।’ उस दिन से ठेकेदार का व्यवहार बिल्कुल बदल गया और वह सभी के साथ अत्यंत नम्रता से पेश आने लगा।

पहचान


रसायनशास्त्री नागार्जुन एक राज्य के राज वैद्य थे। एक दिन उन्होंने राजा से कहा, ‘मुझे एक सहायक की जरूरत है।’ राजा ने उनके पास दो कुशल युवकों को भेजा और कहा कि उनमें से जो ज्यादा योग्य लगे उसे रख लें। नागार्जुन ने दोनों की कई तरह से परीक्षा ली पर दोनों की योग्यता एक जैसी थी। नागार्जुन दुविधा में पड़ गए कि आखिर किसे रखें।
अंत में उन्होंने दोनों युवकों को एक पदार्थ दिया और कहा, ‘इसे पहचान कर कोई भी एक रसायन अपनी इच्छानुसार बनाकर ले आओ। हां, तुम दोनों सीधे न जाकर राजमार्ग के रास्ते से जाना।’ दोनों राजमार्ग से होकर अपने-अपने घर चले गए। दूसरे दिन दोनों युवक आए। उनमें से एक युवक रसायन बना कर लाया था जबकि दूसरा खाली हाथ आया था।
आचार्य ने रसायन की जांच की। उसे बनाने वाले युवक से उसके गुण-दोष पूछे। रसायन में कोई कमी नहीं थी। आचार्य ने दूसरे युवक से पूछा, ‘तुम रसायन क्यों नहीं लाए?’ उस युवक ने कहा, ‘मैं पहचान तो गया था मगर उसका कोई रसायन मैं तैयार नहीं कर सका। जब मैं राजमार्ग से जा रहा था तो देखा कि एक पेड़ के नीचे एक बीमार और अशक्त आदमी दर्द से तड़प रहा है। मैं उसे अपने घर ले आया और उसी की सेवा में इतना उलझ गया कि रसायन तैयार करने का समय ही नहीं मिला।’
नागार्जुन ने उसे अपना सहायक रख लिया। दूसरे दिन राजा ने नागार्जुन से पूछा, ‘आचार्य। जिसने रसायन नहीं बनाया उसे ही आपने रख लिया। ऐसा क्यों?’ नागार्जुन ने कहा, ‘महाराज दोनों एक रास्ते से गए थे। एक ने बीमार को देखा और दूसरे ने उसे अनदेखा कर दिया। रसायन बनाना कोई जटिल नहीं था। मुझे तो यह जानना था कि दोनों में कौन मानव सेवा करने में समर्थ है। बीमार व्यक्ति चिकित्सक की दवा से ज्यादा उसके स्नेह और सेवा भावना से ठीक होता है, इसलिए मेरे काम का व्यक्ति वही है जिसे मैंने चुना है।’

शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2011

मेरा भारत

गंगा को हिन्दू धर्म में एक देवी के रूप में निरुपित किया गया है हिन्दुओं के बहुत से पवित्र तीर्थस्थल गंगा नदी के किनारे बसे हुये हैं जिनमें वाराणसी, हरिद्वार सबसे प्रमुख हैं। गंगा में डुबकी लगाने का मतलब पाप से छुटाकारा समझा जाता है। मरने के बाद लोग गंगा में अपनी राख विसर्जित करना मोक्ष प्राप्ति के लिये आवश्यक समझते हैं, यहाँ तक कि लोग गंगा के किनारे ही प्राण विसर्जन की इच्छा भी रखते हैं। इसके घाटों पर लोग पूजा अर्चना करते हैं और ध्यान लगाते हैं।

मिथकों के अनुसार ब्रह्मा ने विष्णु के पैर के पसीनों की बूँदों से गंगा का निर्माण किया। त्रिमूर्ति के दो सदस्यों के स्पर्श की वजह से यह पवित्र समझा गया।

बहुत वर्षों के पश्चात एक राजा सगर ने जादुई रुप से साठ हजार पुत्रों की प्राप्ति की। एक दिन राजा सगर ने देवलोक पर विजय प्राप्त करने के लिये एक यज्ञ किया। यज्ञ के लिये घोड़ा आवश्यक था जो ईर्ष्यालु इंद्र ने चुरा लिया था। सगर ने अपने सारे पुत्रों को घोड़े की खोज में भेज दिया अंत में उन्हें घोड़ा पाताल लोक में मिला जो एक ॠषि के समीप बँधा था। सगर के पुत्रों ने यह सोच कर कि ॠषि ही घोड़े के गायब होने की वजह हैं उन्होंने ॠषि का अपमान किया । तपस्या में लीन ॠषि ने हजारों वर्ष बाद अपनी आँखें खोली और उनके क्रोध से सगर के सभी साठ हजार पुत्र जल कर वहीं भष्म हो गये ।

सगर के पुत्रो की आत्माएँ भूत बनकर विचरने लगे क्योंकि उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। सगर के पुत्र अंशुमान ने आत्माओं की मुक्ति का असफल प्रयास किया और बाद में अंशुमान के पुत्र दिलीप ने भी। भगीरथ राजा दिलीप की दूसरी पत्नी के पुत्र थे । उन्होंने अपने पूर्वजों का अंतिम संस्कार किया । उन्होंने गंगा को पृथ्वी पर लाने का प्रण किया जिससे उनके संस्कार का राख स्वर्ग में जा सके।

भगीरथ ने ब्रह्माकी घोर तपस्या की ताकि गंगा को पृथ्वी पर लाया जा सके। ब्रह्मा प्रसन्न हुये और गंगा को पृथ्वी पर भेजने के लिये तैयार हुये और गंगा को पृथ्वी पर और उसके बाद पाताल में जाने का आदेश दिया ताकि सगर के पुत्रों के आत्माओं की मुक्ति संभव हो सके। गंगा को यह आदेश अपमानजनक लगा और उन्होंने समूची पृथ्वी को बहा देने का निश्चय किया, स्थिति भाँप कर भगीरथ ने शिव से प्राथना की और शिव गंगा के रास्ते में आ गये।

गंगा जब वेग में पृथ्वी की ओर चली तो शिव ने अपनी जटाओं में उसे स्थान देकर उसका वेग कम किया। शिव के स्पर्श से गंगा और भी पावन हो गयी और पृथ्वी वासियों के लिये बहुत ही श्रद्धा का केन्द्र बन गयीं। पुराणों के अनुसार स्वर्ग में गंगा को मन्दाकिनी और पाताल में भागीरथी कहते हैं।

पाश्चात्य सभ्यता

गर्भ में  बालक मां की आंख से देखता है; मां के कान से सुनता है; मां द्वारा खाये पदार्थ को ग्रहण कर वैसा बनता है। पंचतंत्र में भी बताया गया है कि बच्चे कच्ची मिट्टïी के समान होते हैं। उन्हें जिस सांचे में ढालो उसी में ढल जाते हैं। आज के समय में सनातन धर्म अपनी पहचान खोता जा रहा है। इसका मूल कारण है परिवार में संस्कारों की कमी व बच्चों को कानवेंट स्कूलों में पढ़ाना जिससे बच्चे देश की संस्कृति से दूर होकर पाश्चात्य संस्कृति से जुड़ रहे हैं।
राक्षस कुल में पैदा हुए भक्त प्रहलाद की माता कयादू गर्भावस्था में देव ऋषि नारद के साथ मंदिर में रहकर सत्संग सुनती थी जिससे भक्त प्रहलाद जैसा पुत्र-रत्न प्राप्त हुआ। कौशल्या, कैकेई व सुमित्रा भी गर्भावस्था में मंदिर में रहती थी जिससे राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न जैसे पुत्र-रत्न प्राप्त हुए। लेकिन आज की महिलाएं इस काल में गलत चलचित्र देखती हैं। क्लबों में मांस, मदिरा का सेवन करती हैं जिसके चलते उन्हें श्रवण कुमार या प्रहलाद जैसे पुत्र तो नहीं प्राप्त होंगे।
अगर हमारा संस्कार पुष्टï रहेगा तो कभी भी सनातन धर्म खंडित नहीं हो सकता। इसके लिए हमें अपने बच्चों को संस्कारित करना होगा। शिक्षा के साथ उन्हें धर्म मार्ग का पाठ भी पढ़ाना होगा। तभी हम योग्य संतान व संस्कृति की रक्षा की कामना कर सकते हैं।

संस्कारों की कमी

 
                                                        वर्तमान शिक्षा का वसुधैव कुटुंबकम् से कोई नाता नहीं है, न वह व्यक्ति को प्रकृति के साथ जोड़ती है। वह व्यक्ति को अकेले जीने के लिए तैयार करती है। इंटरनेट, मोबाइल, टीवी आदि  सब अकेले रहने का आदी बनाते हैं।व्यवहार और जीवनशैली में संवेदनाएं टूटती जा रही हैं। विश्व में जो अशांति, अपराध, भ्रष्टाचार है, वह सब संस्कारों की कमी से हो रहा है। व्यवहार और जीवनशैली में संवेदनाएं टूटती जा रही हैं।     आज पूरा विश्व दौड़ता दिखाई दे रहा है। जीवनशैली में गति ही गति की महत्ता हो गई है, लेकिन हम यह नहीं भूलें कि गति के लिए भी ठहराव जरूरी होता है। हम अज्ञानता में जी रहे हैं। पता ही नहीं किसलिए जी रहे हैं? जीवन की दिशा क्या हो? 
भले आपको अच्छी नौकरी मिल जाए, लेकिन सुखी जीवन और परिवार की गारंटी नहीं मिल पाएगी। सुख-दु:ख मन की इच्छा के साथ जुड़े हैं, लेकिन मन के बारे में कोई शिक्षा नहीं मिल पा रही है। सबका आधार ही मन है, लेकिन सबसे कम ज्ञान ही मन का है। पारिवारिक व सामाजिक जीवन की यही सबसे बड़ी विसंगति है।
मन-बुद्धि को मिलाकर काम करने लग जाएं तो सारे कर्म अपने आप सही हो जाएंगे। इस संतुलन को कायम करने के लिए हमें भारतीय दर्शन का सहारा लेना होगा क्योंकि वर्तमान में मां-बाप के पास भी समय नहीं है। स्कूल में व्यक्ति और जीवन की बात न के बराबर हो गई है।