रविवार, 27 मार्च 2011

आशय



मुद्रण ई-मेल
॥ वृत्तेन आर्यो भवति ॥प्राणभूतञ्च यत्तत्त्वं सारभूतं तथैव च ।
संस्कृतौ भारतस्यास्य तन्मे यच्छतु संस्कृतम् ॥
“संस्कृत भारत भूमि की प्राणभूत व सारभूत भाषा है; अर्थात् संस्कृत के बिना भारत की भव्य संस्कृति, नीतिमूल्यों, और जीवनमूल्यों को यथास्वरुप समजना संभव नहीं । 
भारत का इतिहास आदर्शों का इतिहास है; आदर्शों से जीना संभव है, यह केवल भारत हि विश्व को बता सकता है । सामंजस्य, प्रेम, त्याग, ईश्वरानुराग, विज्ञान, प्रज्ञान, कला, और धर्म के विशेष प्रयोग इस पुण्यभूमि पर हुए हैं । परंतु मानव इतिहास का यह सुवर्णपृष्ठ, विकसित विश्वमानव को अल्प परिचित ऐसे “संस्कृत” के राजमार्ग से होकर गुज़रता है ! सुभाषित, बोधशास्त्रों, नाट्य, भाष्य, पुराण, इतिहास, और स्मृतियों से होता हुआ ‘संस्कृत’ रुपी राजमार्ग निसर्ग, विद्या, कला, धर्म, ईश्वर, और कर्मयोग ऐसे विविध स्वरुप लेते हुए अंतिमतः श्रुति (वेद, वेदांग और उपांग) और ॐकार में विलीन हो जाता है; या यूँ कहो कि व्यापक हो जाता है । 
विश्व के अन्य भागों में सभ्यताओं का उदय हो रहा था, तब प्राचीन भारत में श्रेष्ठतम साहित्य का सर्जन हुआ दिखता है; भला, समाजपुरुष की सुदृढ रचना के बगैर क्या ऐसी साहित्य रचना संभव है ? क्या साहित्य सांप्रत जन-मानस का प्रतिबिंब नहीं ? प्राचीन मानव सभ्यताओं के अभ्यास से यह ज़रुर महसुस होता है कि मानव-विकास का हर उत्तर-कांड उसके पूर्व-कांड से श्रेष्ठ हो ऐसा ज़रुरी नहीं; अर्थात् वैदिक काल की कुछ एक बातें अर्वाचीन युग को सर्वथा मार्गदर्शक हो सकती है, और उसे सर्वांगी मानव उत्थान के अभियान में प्रेरक बन सकती है । 
यह दुर्भाग्य है कि इतिहास के भारतीय सुवर्णपृष्ठ को नत मस्तक हुए बगैर हि, विश्व नये युग का सर्जन करने चला है ! मध्यकालीन समय में सहस्र वर्षों की गुलामी और पराजित मनोवृत्ति ने, और सांप्रत समय में अर्थप्राधान्य ने संस्कृत की गरिमा को नष्ट:प्राय करने का प्रयत्न किया है । परंतु, भूतकाल में बहुधा रौंदी गयी ज्ञान-भाषा क्या पुनः एक बार परास्त होगी ?नहीं; क्यों कि ‘संस्कृत’ तो वह संस्कार है जो हर भारतीय के हृदय में अग्नि के तिन्के की भाँति जीवंत है । उसे थोडा अधिक अवकाश कर देना, यही इस वेब साइट का तात्पर्य है । “संस्कृत” के भव्य राजमार्ग तक ले जानेवाली छोटी ही सही, पर एक पगडण्डी बनाने का यह यत्किञ्चित प्रयत्न है । भावना यह है कि भारत, व भारतीय जीवनमूल्य गतिशील बने रहें; माँ भारती को संस्कृत व आर्यप्रणालि का विशुद्ध प्राणवायु मिलता रहे !  

सुभाषित


वज्रात् अपि कठोराणि मृदूनि कुसुमात् अपि .
लोकोत्तराणां चेतांसि कः नु विज्ञातुम् अर्हति
Harder than the vajra (and) softer than the flower Who indeed deserves to (or is able to ) understand the hearts of great people ?
अपि स्वर्णमयी लंका न मे लक्ष्मण रोचते .
जननी जन्मभूमिः च स्वर्गात् अपि गरीयसी
 Even though Lanka is a golden land, O Lakshmana,
it does not appeal to me. One's mother and motherland are
grander than heaven itself.
परोपकाराय फलन्ति वृक्षाः परोपकाराय वहन्ति नद्यः .
परोपकाराय दुहन्ति गावः परोपकाराय शरीरम् एतत् ..
Trees bear fruit to do good to others, Rivers flow to
do good to others; Cows milk to do good to others - This
body is for doing good to others.
It is to assist others that the trees give fruit,
that the rivers flow, that the cows produce milk.
(By implication) our own human body also should be
employed for the assistance of others
उत्सवे व्यसने च एव दुर्भिक्षे शत्रुसंकटे .
राजद्वारे श्मशाने च यः तिष्ठति सः बांधवः ..
In a festival as well as in calamity, in a famine and in an invasion, at the doorstep of the king and in the graveyard - one who stands (beside you) is your brother
Only those can be considered kinsmen, who stand by you whether in festivities or times of trouble, in famines or when enemies threaten, at the king's court or in the cremation ground.
"Facing drug or homicide party time or barmecide stepping sprightly, palace-bound wandering on burning ground, man who keeps with you through all is true homey, brother, pal."
शतेषू जायते शूरः सहस्रेषु च पंडितः .
वक्ता दशसहस्रेषु दाता भवति वा न वा ..
A valiant man is born one among every hundred. A scholar one among thousand, A speaker among tenthousand, however a generous giver may or may not be born.
"One brave man in hundred chaps Thousand yield a pundit, Ten of them for one that yaps, Where the man to fund it?




समझ


अब लुटेरे चेहरे पर नकाब नहीं लगाते।
खुले आम की लूट की
मिल गयी इजाजत
कोई सरेराह लूटता है
कोई कागजों से दाव लगाते।
वही जमाने के सरताज भी कहलाते।

चौराहे पर चार लोग आकर
चिल्लाते जूता लहरायेंगे,
चार लोग नाचते हुए
शांति के लिये सफेद झंडा फहरायेंगे।
चार लोग आकर दर्द के
चार लोग खुशी के गीत गायेंगे।
कुछ लोगों को मिलता है
भीड़ को भेड़ों की तरह चराने का ठेका,
वह इंसानो को भ्रम के दरिया में बहायेंगे।
सोच सकते हैं जो अपना,
दर्द में भी नहीं देखते
उधार की दवा का सपना,
सौदागरों और ढिंढोरची के रिश्तों का
सच जो जानते हैं
वही किनारे खड़े रह पायेंगे।

मंगलवार, 22 मार्च 2011

Tit 4 Tat

गंगाजी के तट पर एक मोर रहता था। उसकी सुंदरता और नृत्यकला अनुपम थी। उस समूचे जंगल में कोई भी मोर उस जैसा नाच नहीं कर सकता था। नीले गगन में जब काले बादलों के तम्बू तन जाते थे, चारों ओर वर्षा के साज सज जाते थे, घन घमण्ड से मृदंग बजाने लगते थे तब वह नाचना शुरू करता था। गंगा के तट पर बहुत से पक्षियों और मोरनियों के मेले लग जाते, यहां तक कि गंगा से निकलकर कछुए और मगर भी उस मोर के नाच का आनंद लेते थे।
मोर को कछुओं से विशेष प्रेम था। उनके राजा से उसकी मित्रता हो गई थी। हर वर्षा ऋतु में सभी उस मोर का नृत्य देखते, अपना-अपना शिकार खोजते और पेट पालते। उनके दिन बड़े आनंद से कट रहे थे।
एक दिन प्रात:काल मोर गंगा मइया के तट पर उदास बैठा था। उसे इस स्थिति में देखकर उसके मित्र कछुओं के राजा ने पूछा - मित्र! आज उदास क्यों बैठे हो? नृत्य प्रारंभ करो।
मोर फिर भी चुप रहा।
'चुप क्यों हो? बोलते क्यों नहीं?'
'क्या बताऊं? अब नृत्य किसी प्रकार नहीं होगा।'
'क्यों?'
'मेरे प्यारे दोस्त! आज मेरा अंतिम दिन है। एक यमदूत मुझे पकड़कर ले जायेगा। तुम लोग सदा के लिए छूट जाओगे।'
कछुओं के राजा ने भारी दिल और भले गले से कहा-- मित्र! ऐसा न होगा। तुम्हें हम अवश्य बचा लेंगे। देखता हूं, कौन तुम्हें ले जा सकता है। तुम चिंता छोड़ दो। मेरे जीते-जी तुम्हें कोई ले न जा सकेगा।
मोर ने मित्र की बात मान ली। वह बड़ी लगन से नाचने लगा। नाच बहुत अच्छा हुआ। क्यों न होता? मोर ने बड़ी लगन से नाच किया था।
इधर नृत्य हो रहा था, उधर एक बहेलिया अपना जाल बिछाने के लिए चला आ रहा था। उसने फुर्ती से जाल बिछा दिया। जाल से बचना बहुत कठिन होता है, साथ ही मोर नाचते-नाचते थक गया था। बेचारा जाल में फंस गया।
बहेलिए ने जाल से मोर को निकालकर बगल में दबा लिया और खुशी के साथ घर की ओर चलने लगा।
एक मित्र का दु:ख दूसरा मित्र कभी नहीं देख सकता। इससे कछुओं का राजा बहेलिए से बोला - अहेरी, इस मोर को छोड़ दो। यह मेरा मित्र है। मैं तुम्हारा बड़ा एहसान मानूंगा।
वह धूर्तता करता हुआ बोला- अजी कच्छपराज! मैं आपके मित्र को छोड़ दूं तो अपने बाल-बच्चों का पेट कैसे भरूं? भूख का प्रश्न बड़ा टेढ़ा होता है। पेट की ज्वाला शांत करना हर एक का धर्म है।
कछुए ने कहा- बस, इतनी-सी बात है?
'हां।'
'अच्छा, मैं तुम्हें एक कीमती चीज भेंट करूंगा।'
'यदि ऐसा कर सको तो मैं तुम्हारे मित्र को तुम्हें सौंप दूंगा।'
कछुओं का राजा तुरंत पानी के भीतर चला गया। उसने गहरी डुबकी लगाई और एक सुंदर लाल लेकर लौट आया। आते ही वह लाल अहेरी के सामने फेंककर बोला - मोर को छोड़ दो।
बहेलिए ने लाल लेकर उलटा-पलटा। कुछ देर चुप रहा फिर बोला- मित्र, इस सुंदर मोर के लिए एक लाल और देना पड़ेगा। सिर्फ एक से काम न चल सकेगा।
'किंतु भाई! आपने एक ही चीज मांगी थी और मैंने उसी के अनुसार यह कीमती लाल तुम्हें भेंट कर दिया।'
बहेलिए ने कछुए के सामने लाल फेंकते हुए कहा- भाई! बहस की क्या आवश्यकता? मैं इसे लिए जा रहा हूं। तुम अपना लाल संभाल लो। यदि इसे लेना है तो दो लाल देने होंगे।
कछुआ बात दे चुका था। उसने बहेलिए से कहा- अच्छा ठहरो भाई! मैं इसी का जोड़ा गंगा मइया से और लिए आता हूं। मेरे मित्र को तुम्हें छोड़ना ही होगा, क्योंकि उसके बिना मेरा जीवन व्यर्थ और नीरस हो जाएगा।
कछुआ फिर गंगा के गर्भ में प्रवेश कर गया। थोड़ी देर में वह लौट आया। अब उसके हाथों में दो दमकते हुए लाल थे।
उसने बहेलिए से कहा - लो भाई! आ गए तुम्हारे लाल। पर एक बात मैं तुम्हें बताए देता हूं कि यदि दोनों लाल एक ही हाथ में लोगे तो तुम्हारा भला न होगा। लो दोनों हाथ बढ़ाओ और इन्हें संभालो।
बहेलिए ने कछुए की बात सुनते ही दोनों हाथ आगे बढ़ा दिए। हाथ बढ़ाते ही ढील पाकर मोर उड़ गया।
मोर के उड़ते ही कच्छपराज जल के भीतर चले गए और जाते-जाते कह गए- तुम अपनी बात पर नहीं जम सके तो मैं क्या कुछ कम हूं! तुमने एक लिया नहीं, मैं दो दूंगा नहीं। मेरा मित्र तो अब छूट ही गया है। जाओ, मौज करो। 'जैसे को तैसा' मिल गया।

SANSKAR: दूसरा’

SANSKAR: दूसरा’

सोमवार, 21 मार्च 2011

दूसरा’

DUSRA- जब हम कहानी लिखते हैं-या उपन्यास- तो एक फिल्म चलने लगती है- इस फिल्म में छूटे हुए मकान हैं और मरे हुए मित्र, बदलते हुए मौसम हैं और लड़कियाँ, खिड़कियाँ, मकड़ियाँ हैं और वे सब अपमान हैं जो हमने अकेले मे सहे थे, और बचपन के डर हैं और क्रूरताएँ हैं जो हमने माँ-बाप को दी थी और माँ-बाप के चेहरे हैं, छत पर सोते हुए और छतें हैं, रेलों की आवाज़े हैं और हम यह एक अदृश्य स्क्रीन पर देखते रहते हैं मानो यह सब किसी दूसरे के साथ हुआ है, हमारे साथ नहीं- हम अपनी नहीं किसी दूसरे की ’फिल्म’ देख रहे हैं; यह ’दूसरा’ ही असल में लेखक है, मैं सिर्फ स्क्रीन हूँ, परदा, दीवार.... लेकिन अँधेरे में हम साथ-साथ बैठे हैं; कभी-कभी हम दोनों एक हो जाते हैं, तब पन्न खाली पड़ा रहता है और दीवार पर कुछ भी दिखाई नहीं देता!
मैं- सही है... पर यह ’दूसरा’ जब गायब होता है तो आप अकेलेपन के उस वीराने में खुद को पाते हो जहाँ महज़ खालीपन है.. पीड़ा है... और बहुत दूर कहीं अपको कुछ लोग खड़े दिखते हैं... जिनसे वापिस संबंध स्थापित करने की एक खाई है जो थका देती है।
DUSRA- जीवन में अकेलेपन की पीड़ा भोगने का क्या लाभ यदि हम अकेले में मरने का अधिकार अर्जित न कर सकें? किन्तु ऎसे भी लोग हैं जो जीवन-भर दूसरों के साथ रहने का कष्ट भोगते हैं, ताकि अंत में अकेले न मरना पड़े।
मैं- आप आज यह लिखी हुई बातें क्यों कर रहे हैं?
DUSRA- तुम ही पढ़ रहे हो।
मैं- मैं उन दिनों की बात कर रह हूँ जब आपसे लिखा नहीं जाता... या वह दिन जब आप कोई सघंन खत्म करके उठे होते हो... आप तृप्त होते हो... कुछ मौलिक सा लिख देने की खुशी होती है... पर ठीक उस खुमारी के बीच वह ’दूसरा’ आपके जीवन से अचानक गायब हो जाता है.. तब कोई भी आसरा नहीं रहता क्यों कि वह पिछले समय में सारे आसरों को धुंधला कर चुका था.. तब उन दिनों में क्या किया जा सकता है।
DUSRA- तुम क्या मुआवज़ा चाहते हो?
मैं- नहीं मैं कोई मुआवज़ा नहीं चाहता।
-DUSRAतो इतनी तड़प क्यों?
मैं- क्योंकि... कोई आस-पास नज़र नहीं आता। लिखने से जो एक खुशी का विस्फोट हुआ था वह भी अकेली गुफाओं से टकराकर दंम तोड़ देता है। आप अपनों की तरफ देखते है.. वहाँ आपको अपनी ही लिखी हुई कुछ पंक्तियाँ नज़र आ जाती है जो आपने अपनों के जीवन से चुरा-चुराकर लिखी थी। माँ-बाप, वह माँ-बाप नहीं रह जाते, उनसे अब पुरानी सहजता से नहीं मिला जा सकता है.. क्योंकि इस बीच आपके वह ’दूसरे’ आदमी ने उनका इस बुरी तरह से इस्तेमाल कर लिया है आप उन्हें संदेह की दृष्टी से देखते हो.... इतना ही नहीं आपको अपना पूरा जीवन एक कहानी लगने लगता है.. तो जहाँ कहीं स्थिरता नज़र आती है आपका पूरा शरीर इस कोशिश में लग जाता है कि कोई घटना हो.. कहीं से रिस्ति हुई पीड़ा टपके.... कुछ ओर हो.. जहाँ पूरा जीवन वापिस अस्थिर हो जाए... कहानी पढ़ने में मज़ा आए... जबकी वह कहानी पढ़ी नहीं जा रही है वह जी जा रही है।
DUSRA- मैंने कहीं पढ़ा था कि आप जैसा जीवन जी रहे है, असल में आप बिलकुल ऎसा ही जीवन जीना चाहते थे, चाहे अभी आप इस बात को माने या ना माने।
मैं- आपको कभी भी सांत्वना नहीं दे सकते?
DUSRA- सांत्वना झूठ है... लिखने से कुछ हासिल नहीं होता... अगर कुछ हासिल करना है तो वह काम करों जिसमें हर माह एक मुश्त मुआवज़ा मिले तुम्हें तुम्हारे काम का... और उसके लिए भी लगातार दौड़ते रहने का बल चाहिए। यहाँ चुप्पी है... शांति है... पागलपन की परिधी पर टहलता हुआ वह ’दूसरा’ है जो किसी भी कायरता की भनक पाते ही ग़ायब हो जाता है। जीने और लिखने के बीच हमेशा एक दूरी बनी रहती है... वही दूरी तुम्हारी और वह ’दूसरे’ के बीच की दूरी है। अपने जीने की गंदगी से ’दूसरे’ दूर ही रखो।
मैं- मेरी नई कहानी पढ़ी आपने?
DUSRA- हाँ...
मैं- कैसी लगी?
DUSRA- उसी के बारे में बात करने आया था... पर तुम अपनी कमज़ोरियाँ लेकर बैठ गए।
मैं- पर कैसी लगी..???
DUSRA- उसके बारे में बाद में बात करेगें... अभी एक चाय पीते हैं...।
मैं- हाँ...मेरी भी इच्छा है।

शुक्रवार, 18 मार्च 2011

ऋतुराज


आधी फरवरी से आधे अप्रैल तक का समय वसंत का समय है । इसमें स्वतः ही वृक्षों में फूल तथा जल एवं वनस्पतियों में सुगंध आ जाती है । न जाने क्या हो जाता है कि शिशिर के घोर संताप से संत्रस्त प्रकृति वसंत ऋतु के आते ही अपना नूतन श्रृंगार करने लगती है । यह ऋतु फाल्गुन में जन्म लेती है , चैत्र में जवान होती है और वैशाख बीतते पुनः अपने विश्राम में चली जाती है । आज ही नहीं जब से मनुष्य ने आँखें खोली हैं , वसंत का हर्षोल्लास उसे हँसाता, खिलाता और प्रफुल्लित करता रहा है । इस भूमंडल का सभ्य, असभ्य और उन्नत, अवनत प्रत्येक मानव इस ऋतु में स्वाभवतः आनन्दमग्न होकर अपने हृदय की आनन्द राशि बिखेरने के लिये उतावला हो जाता है । कविकुल गुरु कालिदास ने ’सर्वं प्रियं चारुतरं वसंते ’ से अपनी रमणीक रचना का श्रृंगार किया है ।

प्राचीन काल से अनेकों अनेक उत्सव इस ऋतु में आयोजित होने के लिये कतार बाँध कर खड़े हो जाते हैं । जिस दिन यह ऋतु सर्वप्रथम इस भूमंडल पर अवतरित होती थी उस दिन सुवसंतक उत्सव मनाया जाता था । यह वसंत पंचमी का ही प्रतिनिधि था । वसंत में लाल वस्त्र और लाल पुष्प धारण करने का आम रिवाज था , इसके लिये पुष्पावचायिका नाम से एक उत्सव मनाया जाता था । मदनोत्सव, अशोकोतंसक आदि उत्सवों के नाम प्राचीन ग्रंथों में भरे पड़े हैं । कुछ-कुछ जरूर होने लगता है इस ऋतु में , इसलिये संस्कृत साहित्य और हिन्दी साहित्य में भी इस ऋतु के अगणित गीत गाये गये हैं ।
वसंत का एक संदेश , आमंत्रण, बुलावा यदि किसी को याद है तो जीवन में जरा और व्याधि दोनों का पलायन स्वतः हो जाता है । किसी के लिये तरसना, किसी के लिये हरषना , किसी को सर्वस्व समर्पित करना, किसी से सर्वस्व याचना करना - ये जिंदगी के पालने हैं जिस पर वासंती ऋतु प्राणों को सुलाती रहती है -
"सखि ! आयो वसंत रितून को कंत, चहूँ दिसि फूल रही सरसों

परसों के बिताय दियो बरसों, तरसों कब पाँय पिया परसों ।"
 ’बनन में बागन में बगरयौ बसंत है ’ की धमक किसे नहीं सुनाई पड़ जाती ! तुलसी का ’मनहु मुएहु मन मनसिज जागा ’ का बिंब सामने खड़ा हो जाता है । लगता है आज धनुष लिये हुए काम वन में विचर रहा है - ’सम्प्रति काननेषु सधनुर्विचरित मदनः’ । और क्या कहा जाय - "चिड़ियों के चहचहे को बाजा बनाकर , प्रेम के रस से मतवाली कोकिलायें गीत गा रही हैं । वन के अंतःपुर की कामिनी रूपी लता आचार्य वायु के उपदेश से अभिनय कर रही है । इस लता को वृक्ष अपने फूलों से हर्षित होकर पल्लव रूपी अंगुलियों से फुसला रहे हैं । श्रीमान वसंत के आते ही हार जैसा सफेद पाला फौरन गायब हो गया /
इस वसंत को बेहद प्यार देते हुए कोई भी इस पर बलिहारी हो जाता है । वसंत का हम अभिनन्दन करते हैं । यह हमें बोध दे रहा है -
 "आज आया है प्रिय ऋतुराज, सजा है स्वागत का सब साज 
कर रहा नवजीवन संचार, भर रहा मन में मोद अपार  ।
मिला है अवसर अति अनुकूल समय है सचमुच मंगल मूल
करें नवयुवक देश कल्याण हरें पर-पीर, ’दान दें’ प्राण ।"

गुरुवार, 17 मार्च 2011

संगति



संगति का बहुत असर होता है। कौन कैसा बनेगा, यह बहुत कुछ उसकी संगति पर निर्भर करता है। भले या बुरे आदमी की एक पहचान है वाणी। एक आदमी मौन है उसके अच्छे या बुरे होने की पहचान नहीं हो पाएगी। थोड़ी बातचीत शुरू करो, पता चल जाएगा कि वह कैसा है क्योंकि वाणी से मन की अभिव्यक्ति होती है। भाषा मुंह से वैसी ही निकलेगी, जैसा मन में भाव होगा। जिसका चिंतन अच्छा है, उसकी वाणी भी वैसी ही होगी। वाणी में और मन में बहुत गहरा संबंध है। बोलने से व्यक्तित्व का पूरा पता लग जाता है कि उसका मन कैसा है, भाव कैसा है
तर्कशास्त्र में अनुमान शब्द का प्रयोग आता है। धुआं दिखाई देते ही अनुमान हो जाता है कि वहां अग्नि है। जलचर पक्षी दिखाई दें, तो पता चल जाता है कि पास में कहीं तालाब, झील या सरोवर है। भाव या मन के बारे में पता नहीं चल पाता कि किस के मन में क्या है, भाव क्या है। वह वाणी के द्वारा व्यक्त होता है। साहित्य को इसीलिए बहुत मूल्य दिया गया। जो कुछ बात आती है, वह साहित्य के द्वारा आती है। साहित्य को पढ़ें, लेखक कैसा है, यह अपने आप पता लग जाएगा। एक बड़ी कसौटी है- सुभासियाए दुभासियाए। एक दुर्भाषित है एक सुभाषित है। एक बहुत अच्छी बात कहता है, दूसरा निकृष्ट वचन बोलता है। निर्णय करना आसान हो जाता है कि जो दुर्भाषित है, अभी उसका बचपन चल रहा है, परिपक्व नहीं हुआ है। सुभाषित है तो समझ लेना चाहिए कि वह पंडित हो गया है।

विनम्रता



विनम्रता बहुत बड़ा गुण है। अहिंसा की पहली शर्त है विनम्रता। सागर ने नदी से कहा- "तुम बड़े-बड़े पेड़ और पहाड़ की चट्टानों को तो लेकर आती हो, कभी सरपत, सरकंडे भी तो लाओ।"

नदी ने कहा- "वह मैं नहीं ला सकती। ये पेड़ और चट्टाने तो मेरे सामने अकड़कर खड़े हो जाते हैं, इसलिए मैं इन्हें अपने तीव्र प्रवाह से उखाड़ देती हूं और बहते हुए ये मेरे साथ यहां तक आ जाते हैं, किंतु किनारे पर उगे सरकंडों को मैं उखाड़ने में असमर्थ हो जाती हूं, क्योंकि वे झुककर और कभी-कभी तो भूमिसात होकर मेरे प्रवाह को आसानी से झेल लेते हैं। जैसे ही मेरा प्रवाह मंद होता है, वे फिर पहले की तरह उठकर खड़े हो जाते हैं।" विनम्र को आज तक कोई उखाड़ नहीं सका। उखड़ता वही है जो नमना नहीं जानता, झुकना नहीं जानता।

आज उद्दण्डता बहुत बढ़ी है। झुकने को आदमी अपनी तौहीन और अपमान समझता है। लोगों ने जुमला बना लिया- "टूट सकता हूं, पर झुक नहीं सकता।" कोई पूछे कि भाई, टूटने में कौन-सी शान है। टूट जाना, अस्तित्व को समाप्त कर देना, इसमें कौन सी बुद्धिमानी है?

कितने ही अड़ने वाले टूटकर बिखर गए। आज उनका कोई नाम भी नहीं लेता। नाम तो उनका अमर हुआ जिसने सबके सामने झुकना सीखा, सबको अपने साथ जोड़ा, किसी को कभी तोड़ा नहीं। अहिंसा का व्यावहारिक रूप है विनम्रता। सबमें अपने ही अस्तित्व का अनुभव करना। मृदुता का व्यवहार करना ही विनम्रता है।